मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के दादर इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे द्वारा अपनी ही मां की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।


जानकारी के मुताबिक, मृत महिला की पहचान रेजिना क्रूज फर्नांडिस के रूप में हुई है। वह दादर के भवानी शंकर रोड स्थित गैरेज गली इलाके में ‘राम श्याम’ इमारत की चौथी मंजिल पर अपने बेटे एडवर्ड क्रूज फर्नांडिस के साथ रहती थीं।
■ नौकरी को लेकर मां-बेटे में होता था विवाद
बताया जा रहा है कि एडवर्ड अलग-अलग जगहों पर काम करता था, लेकिन किसी भी नौकरी में लंबे समय तक टिक नहीं पाता था। इसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात करीब 12 बजे भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।
■ गुस्से में मां के सीने पर चाकू से वार
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एडवर्ड ने घर में रखा धारदार चाकू उठाया और अपनी मां रेजिना के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर रेजिना जमीन पर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दादर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रेजिना को तत्काल केईएम अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खून से सना चाकू लेकर घर में बैठा रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी कथित तौर पर खून से सना चाकू लेकर घर में ही बैठा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।
इस मामले में महिला पुलिस उपनिरीक्षक प्रियंका कदम की शिकायत पर दादर पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत मिली है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है, लेकिन विवाद का वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच अभी जारी है। इस घटना से दादर इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश व दुख है।


