मुंबई वार्ता संवाददाता

आर्थिक संकट से जूझ रहे बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (BEST) उपक्रम को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुंबई के BEST के 22 बस डिपो का सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के आधार पर पुनर्विकास करने का प्रस्ताव बीएमसी महासभा में बहुमत से मंजूर कर दिया गया है।


इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पुराने बस डिपो को आधुनिक परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। डिपो में बस संचालन जारी रखते हुए व्यावसायिक तथा सार्वजनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। परियोजना को Design, Build, Finance, Operate and Transfer (DBFOT) मॉडल के तहत लागू करने की योजना है। डिपो की जमीन का स्वामित्व BEST के पास ही रहेगा।


■ 28 हजार करोड़ रुपये की योजना
BEST की इस पुनर्विकास योजना का कुल वित्तीय आकार करीब 28,000 करोड़ रुपये बताया गया है। BEST के पास मुंबई में कुल 27 बस डिपो हैं, जिनमें से 22 डिपो को पुनर्विकास के लिए चुना गया है। कुर्ला डिपो का पहले ही पुनर्विकास हो चुका है, जबकि धारावी और कालाकिल्ला डिपो का उपयोग धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए तथा अनिक और प्रतीक्षानगर डिपो का उपयोग मेट्रो-11 परियोजना के लिए किया जाएगा।
BEST पर करीब 7,322 करोड़ रुपये का संचित घाटा और लगभग 14,323 करोड़ रुपये की देनदारियां हैं। इसके अलावा स्वयं के 5,000 बसों की खरीद, उनके संचालन और कर्मचारियों से संबंधित दायित्वों के लिए भी बड़ी राशि की आवश्यकता है। इन सभी जरूरतों को मिलाकर करीब 28,000 करोड़ रुपये की वित्तीय आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है।
■ डिपो में बनेंगी आधुनिक सुविधाएं
पुनर्विकास के बाद इन परिसरों में केवल व्यावसायिक या आवासीय इमारतें ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, सार्वजनिक पार्किंग और अन्य सामाजिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे BEST को दीर्घकालीन और स्थायी आय का स्रोत उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
BEST की योजना है कि निजी डेवलपर्स से मिलने वाले अग्रिम प्रीमियम का उपयोग देनदारियां चुकाने, कर्मचारियों के बकाया दायित्वों का निपटारा करने और स्वयं की बसें खरीदने में किया जाए। इसके साथ ही भविष्य में BEST को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अलग कोष बनाने का भी प्रस्ताव है।
■ FSI बढ़ाने की मांग
परियोजना को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए BEST ने अनुमत FSI को 1.3 से बढ़ाकर 7 करने की मांग की है। इस पूरी पुनर्विकास रणनीति को तैयार करने के लिए KPMG की मदद ली गई है। योजना के तहत मुंबई के प्रमुख परिवहन केंद्रों को आधुनिक शहरी सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद BEST की वित्तीय स्थिति सुधारने और मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, परियोजना के क्रियान्वयन में भूमि उपयोग, विकास नियमों और विभिन्न सरकारी मंजूरियों की भूमिका अहम रहेगी।


