■ भाजपा कार्यालय के समक्ष फूल बरसाकर राहुल गांधी को दी गई जान से मारने की धमकी का विरोध.
● मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में जोरदार नारेबाज़ी.
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दादर स्थित ‘वसंत स्मृति’ भाजपा कार्यालय के सामने पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई को चुनौती देते हुए जोरदार नारेबाज़ी की और भाजपा के आंदोलन का सशक्त जवाब दिया। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को गोली मारकर जान से मारने की दी गई धमकी का भाजपा कार्यालय के समक्ष फूल बरसाकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।


आज शाम मुंबई युवा कांग्रेस द्वारा आंदोलन किए जाने की घोषणा के चलते पुलिस ने भारी बंदोबस्त किया था। इसके बावजूद ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के सामने पहुँचे और तीव्र नारेबाज़ी की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारकर जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना का प्रतीकात्मक रूप से फूल बरसाकर विरोध किया गया। बाद में पुलिस ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन ले जाया।


इस अवसर पर ज़ीनत शबरीन ने कहा, “हमने भाजपा कार्यालय के सामने प्रतीकात्मक रूप से फूलों की वर्षा कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि महाराष्ट्र में नफरत और हिंसा की राजनीति को कोई स्थान नहीं है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जान से मारने की धमकी देना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा आघात है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को इस प्रकार की धमकी देना अत्यंत गंभीर विषय है। संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत मामले दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को आंदोलन की खुली छूट देती है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दमन करती है। आंदोलन से पहले ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जाता है, यहाँ तक कि घरों से भी उठा लिया जाता है। लेकिन जब भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ आंदोलन करती है, तब पुलिस नज़र नहीं आती।
पुलिस को युवा कांग्रेस पर दमन करने के बजाय राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”


