मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

नवी मुंबई के दीघा स्थित ईश्वर नगर इलाके में एक चौंकाने वाली कार्रवाई हुई है। रबाले एमआईडीसी पुलिस ने ७५ लाख रुपये मूल्य का २५२ ग्राम ‘एमडी’ (मेथेड्रोन) ड्रग पाउडर जब्त किया है। यह कार्रवाई शनिवार सुबह की गई। इस छापेमारी में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और दो फरार हैं।
इस मामले में पुलिस से जानकारी के अनुसार, शांताबाई नाम की एक महिला और उसका दामाद रोशन बसन्ना नाइक दीघा स्थित ईश्वर नगर इलाके में एमडी पाउडर बेच रहे थे। उनके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है।
शनिवार सुबह ८ बजे, ३ पुलिस अधिकारियों और एक महिला अधिकारी की टीम ने दिए गए पते पर छापा मारा। उस जगह से एमडी पाउडर के छोटे पैकेट बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक तराजू, लगभग २५० खाली प्लास्टिक बैग मिले। इस सामग्री का उपयोग मुख्य रूप से नशीले पदार्थों के पैकेट बनाने के लिए किया जाता था। पुलिस ने इस ऑपरेशन में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनमें से, नीलेश बसन्ना नाइक, शैलेश बसन्ना नाइक, उषा रोशन नाइक और ज्योति नीलेश नाइक को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी आरोपी नवी मुंबई के ऐरोली में रहते है। घर में एमडी पाउडर का स्टॉक छिपाया गया था। इस ऑपरेशन के दौरान, रोशन बसन्ना नाइक और शांताबाई दोनों फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस को संदेह है कि शांताबाई मुख्य मास्टरमाइंड है। वह और उसका दामाद कुछ महीनों से इलाके में एमडी बिक्री नेटवर्क फैला रहे थे । इस मामले में रबाले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


