■ ओला सूखा घोषित करो, प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हज़ार रुपये की मदद तुरंत दो।
मुंबई वार्ता संवाददाता

अतिवृष्टि के कारण राज्य के किसानों का भारी नुकसान हुआ है, लेकिन भाजपा महायुति सरकार सिर्फ घोषणाबाजी कर रही है और किसानों को अब तक कोई मदद नहीं मिली है। सरकार को ओला सूखा घोषित करना चाहिए, प्रभावित किसानों को तुरंत प्रति हेक्टेयर 50 हज़ार रुपये देने चाहिए, कर्ज़ माफ करना चाहिए, बिजली बिल की बकाया राशि माफ करनी चाहिए और बंजर हो चुकी खेत ज़मीन के लिए अतिरिक्त मुआवज़ा देना चाहिए—इन मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज राज्यभर में तीव्र आंदोलन किया।


छत्रपति संभाजीनगर ज़िला और शहर ज़िला कांग्रेस कमेटी की ओर से ज़िलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. कल्याण काले, ज़िलाध्यक्ष किरण पाटील डोणगांवकर, शहराध्यक्ष शेख यूसुफ, पूर्व विधायक नामदेवराव पवार, सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष विलास औताडे समेत सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित थे।


चंद्रपुर की सांसद प्रतिभाताई धानोरकर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने किसानों और आम जनता के न्यायोचित हक़ों के लिए वरोरा में विशाल चक्काजाम आंदोलन किया। नागपुर-चंद्रपुर हाइवे पर हुए इस आंदोलन को हज़ारों किसानों ने उत्साहपूर्वक समर्थन दिया। साथ ही चंद्रपुर ज़िले के सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए विशेष पैकेज घोषित करने और कपास उत्पादकों को प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपये तथा सोयाबीन उत्पादकों को प्रति हेक्टेयर 2.5 लाख रुपये का मुआवज़ा देने की ठोस मांग आंदोलन के माध्यम से रखी गई।
इस अवसर पर चंद्रपुर शहर (ज़िला) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रितेश तिवारी, कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।अकोला, अमरावती, बुलढाणा, नागपुर ग्रामीण, जालना, लातूर, वर्धा, रत्नागिरी सहित राज्य के अन्य जिलों और तालुका स्तर पर भी आंदोलन कर किसान विरोधी भाजपा महायुति सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।


