मुंबई वार्ता संवाददाता

लगभग 10 साल पहले शहर में हाईवे टॉयलेट की अवधारणा लागू करने के बाद अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने पूर्वी द्रुतगती महामार्ग (ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे) पर नहूर से विक्रोली के बीच 4 नए सार्वजनिक शौचालय बनाने का निर्णय लिया है।


बीएमसी के ‘एस’ वार्ड ने इस परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये चारों टॉयलेट व्यस्त हाईवे के दोनों ओर बनाए जाएंगे, जिन पर कुल 86.2 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना अगले 5 से 6 महीनों में पूरी होने की उम्मीद है।


फिलहाल मुंबई की ओर जाने वाले दक्षिणी मार्ग पर घाटकोपर में केवल एक हाईवे टॉयलेट मौजूद है, जबकि उत्तर दिशा की ओर घाटकोपर और विक्रोली में दो शौचालय हैं।
‘एस’ वार्ड के सहायक आयुक्त अजीतकुमार आंबी ने बताया कि टॉयलेट निर्माण के लिए कुछ स्थानों की पहचान की गई है और अंतिम चयन जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नहूर से विक्रोली के बीच हाईवे पर कोई सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, नए टॉयलेट पहले से मौजूद घाटकोपर और विक्रोली के शौचालयों की तुलना में छोटे होंगे। जहां पुराने टॉयलेट में 10 क्यूबिकल हैं, वहीं नए शौचालयों में 4 से 5 क्यूबिकल बनाए जाएंगे।
गौरतलब है कि ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे मुंबई को ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नवी मुंबई और पनवेल से जोड़ता है और इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 1 लाख वाहन गुजरते हैं।
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि नहूर से विक्रोली के बीच हाईवे के आसपास की बड़ी जमीनें साल्ट कमिश्नर और राज्य सरकार के अधीन हैं, जिससे पहले भूमि उपलब्ध कराने में दिक्कत आ रही थी। अब बीएमसी की जमीन वाले हिस्सों की पहचान होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।


