सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के हाथों सतत समाज की सेवा होती रहे, ऐसी प्रार्थना मैं ईश्वरचरणों में करता हूँ, ऐसा प्रतिपादन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज यहाँ किया।


पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के जन्मदिन के अवसर पर भिवंडी तहसील के मानकोली में आयोजित भव्य “केंद्रीय राज्यमंत्री पंचायती राज कप 2025” के उद्घाटन समारोह में वे बोल रहे थे।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक सुलभा गायकवाड़, जिलाधिकारी अशोक शिनगारे, आयोजक प्रताप पाटील, विभिन्न क्रिकेट टीमें, खिलाड़ी व बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे कहा कि मुझे खुशी है कि इस प्रतियोगिता में मेरी हर साल उपस्थिति रहती है। लेकिन इस वर्ष मुख्यमंत्री बनने के बाद यहाँ आ पाऊँगा या नहीं, इस पर संदेह था, क्योंकि अधिवेशन चल रहा था। आज यहाँ इतना बड़ा आयोजन हो रहा है, जिसमें पुरस्कार स्वरूप 51 बाइक और 2 इलेक्ट्रिक कारें रखी गई हैं। मुझे लगता है कि ठाणे जिले में कपिल पाटील के जन्मदिन के अवसर पर होने वाला यह सबसे बड़ा आयोजन है। इस प्रतियोगिता में पूरे देश से खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कपिल पाटील का स्वभाव ही ऐसा है कि वे किसी भी चीज को छोटा नहीं रहने देते। भव्यता उनके स्वभाव का हिस्सा है। इसलिए जब भी कोई आयोजन करते हैं, तो वह भव्य और दिव्य ही होता है।मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे कहा कि कपिलजी कह रहे थे कि अब वे “पूर्व” हो चुके हैं, फिर भी लोग बड़ी संख्या में आए हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि वे कभी “पूर्व” नहीं हो सकते। चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन हमें जनता के दिलों में हमेशा जीवित रहना चाहिए। अगर हम जनता के दिलों से “पूर्व” नहीं हुए, तो समझिए कि हमने सब कुछ हासिल कर लिया।
अंत में, कपिल पाटील को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कपिल पाटील के हाथों से समाज की ऐसी ही सेवा निरंतर होती रहे, यही मेरी ईश्वर से प्रार्थना है।


