श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद Varsha Gaikwad ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई से परेशान आम जनता पर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी करना अन्यायपूर्ण है और केंद्र सरकार को यह फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए।


वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि पिछले 11 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 8 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah और पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri लगातार देश में पर्याप्त ईंधन भंडार होने का दावा कर रहे थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही कीमतें बढ़ा दी गईं।


उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने पहले ही चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल महंगा होने की आशंका जताई थी, जो अब सच साबित हुई है। गायकवाड़ ने कहा कि हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी की गई, जिससे होटल और छोटे खाद्य व्यवसायों पर गंभीर असर पड़ा है। अब पेट्रोल-डीजल महंगा होने से महंगाई और बढ़ेगी।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh ने सब्सिडी देकर जनता को राहत दी थी, लेकिन मौजूदा सरकार आम लोगों को किसी तरह की राहत देने में रुचि नहीं दिखा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, जबकि प्रधानमंत्री विदेशी दौरों में व्यस्त हैं।
वर्षा गायकवाड़ ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर्याप्त पेट्रोल भंडार होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि मुंबई के दादर और सायन इलाकों में भी पेट्रोल पंप बंद होने की खबरें सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि राजधानी मुंबई तक ईंधन संकट की स्थिति पहुंच चुकी है, इसके बावजूद सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही। गायकवाड़ ने मुख्यमंत्री से अपील की कि जनता को गुमराह करने के बजाय ईंधन आपूर्ति और महंगाई नियंत्रण पर ध्यान दिया जाए।


