मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई के एमआईडीसी पुलिस थाने ने 60 लाख 65 हजार 656 रुपये मूल्य के आभूषणों की कथित चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए गोल्डस्टार ज्वेलरी कंपनी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता कांचन पवार (48) की कंपनी में कार्यरत कर्मचारी अविनाश गंगाधर कदम (26) को 60,65,656 रुपये मूल्य के आभूषण डिलीवरी के लिए दिए गए थे। रास्ते में उसने दावा किया कि उसका दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और वह बेहोश हो गया, जिसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने आभूषण चोरी कर लिए।


जांच में सामने आया कि दुर्घटना में उसे कोई गंभीर चोट नहीं लगी थी, फिर भी उसने डॉक्टरों को झूठी जानकारी देकर अस्पताल में भर्ती रहना जारी रखा। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पाया कि घटना से पहले एक संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल के आसपास कई बार घूमता हुआ दिखाई दिया। उसकी पहचान मनोज हनुमंत जोगदंड (47) के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने अविनाश कदम और मनोज जोगदंड से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि दोनों मित्र हैं और उन्होंने पूर्व नियोजित साजिश के तहत आभूषणों की चोरी का झूठा नाटक रचा था। दोनों ने मिलकर कंपनी द्वारा सौंपे गए आभूषणों का गबन किया था।
एमआईडीसी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से 60,65,656 रुपये मूल्य के सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) डॉ. अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त (जोन-10)दत्ता नलावड़े के निर्देशानुसार यह कार्रवाई एमआईडीसी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवीन्द्र वाणी के मार्गदर्शन में की गई है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक (अपराध) महेश गुरव और उनकी टीम ने की।


