विपिन शुक्ल/मुंबई वार्ता

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए अनजान लोगों से दोस्ती कर आर्थिक ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कल्याण निवासी बंटू सिंह कथित तौर पर इस जाल में फंस गया, जिससे उसके खाते से लगभग एक लाख रुपये की रकम निकाल ली गई।पीड़ित के अनुसार सोशल मीडिया पर एक महिला प्रोफाइल से संपर्क किया गया और धीरे-धीरे प्रेम संबंध का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद विभिन्न बहानों से पैसों की मांग की गई।


आरोप है कि महिला अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को भावनात्मक रूप से फंसाकर मोटी रकम वसूलती थी। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित मानसिक तनाव में आ गया और आत्मघाती कदम उठाने तक की सोचने लगा। हालांकि, समय रहते दोस्तों की सूझबूझ से उसकी जान बच गई।पीड़ित ने बताया कि कथित महिला का नाम कुमारी अनन्या बताया जा रहा है, जो मूल रूप से पटना की रहने वाली है और फिलहाल मुंबई क्षेत्र में रह रही है।
इस मामले में विनीत झा और देवांशु झा नामक दो अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी आशंका जताई जा रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें, निजी जानकारी या आर्थिक लेन-देन से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।



बहुत संभाल कर रहने की आवश्यकता है