मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अहम चुनावों से पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) में राजनीतिक हलचल के बीच मुंबई शहर अध्यक्ष संदीप देशपांडे ने अपने दल बदलने की अटकलों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे पूरी तरह एमएनएस में हैं और पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जाने का कोई सवाल ही नहीं है।


यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है, जब एमएनएस ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के साथ ऐतिहासिक गठबंधन किया है और पार्टी के भीतर तथा राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं।
गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संदीप देशपांडे ने मीडिया से बात करते हुए कहा,
“मैं एमएनएस में हूं और पार्टी के मुंबई अध्यक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा हूं। हम चुनाव लड़ रहे हैं, पार्टी उम्मीदवारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और अधिक से अधिक सीटें जीतने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कोई समस्या नहीं है और मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।”
उनके इस बयान से एमएनएस के भीतर उठ रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है और पार्टी नेतृत्व को भी चुनावी तैयारियों पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का संदेश मिला है।


