मुंबई वार्ता

कांग्रेस के फायरब्रांड प्रवक्ता नेता पवन खेड़ा ने गुरुवार को कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य और पूर्व मंत्री मोहम्मद आरिफ नसीम खान की चुनाव प्रचार सभा को संबोधित करते हुए कहा कि,” भारतीय जनता पार्टी पहले लोगों की आंखें फोड़ देती है, फिर दृष्टिहीन हो चुके लोगों को चश्मा बांटती है। भाजपा के लोग अकसर कहते फिरते हैं कि इस देश को पाकिस्तान और मुसलमानों से खतरा है, लेकिन सच पूछिए तो जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री पद पर विराजमान हुए हैं, तब से देश को खतरा पैदा हो गया है।”


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा चांदिवली विधानसभा क्षेत्र से महाविकास आघाडी (कांग्रेस) उम्मीदवार मोहम्मद आरिफ नसीम खान का चुनाव प्रचार करने के लिए गुरुवार की शाम चांदिवली पहुंचे। उन्होंने कहा कि,” हिंदुस्तान के लोग जिंदा कौम हैं, जिन्हें सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं है। लोगों को संविधान ने जो अधिकार दिया है, उसे कोई नहीं छीन सकता। लेकिन अपने हक की लड़ाई के लिए हमें लड़ना तो पड़ेगा। “


पवन खेड़ा ने मोहम्मद आरिफ नसीम खान की ओर इशारा कर कहा कि,” आपके हक की लड़ाई के लिए नसीम खान जैसे नेताओं की विधान सभा में जरूरत है। ये चुनावी मैदान में हैं, इन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। नसीम खान आपके हक के लिए लड़ेंगे।”
चांदिवली विधानसभा क्षेत्र से महाविकास आघाडी (कांग्रेस) उम्मीदवार मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने राज्य की महायुति सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ,”मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदें मुख्यमंत्री पद की गरिमा को गिरा दिया है। उन्होंने कहा कि मुल्क की सियासत इतनी गिर गई है कि भाजपा के लोग नारा लगा रहे हैं, ‘बंटेंगे तो कटेंगे।’ इस नारे से गंगा जमुनी तहजीब को खतरा पैदा हो गया है। “
उन्होंने कहा, “गंगा जमुनी तहजीब को बचाने के लिए पिछले 35 सालों से मैं लड़ रहा हूं। हमारे आगे और भी लड़ाई है,जिसको इंशाअल्लाह हम जरूर जीतेंगे।”
नसीम खान ने मौजूदा विधायक का नाम लिए बगैर कहा कि इन्होंने विकास का कार्य तो कुछ किया ही नहीं। क्षेत्र के सारे विकास के कार्य रुके पड़े हैं। यह चुनाव सभी रुके विकास कार्य को पूरा करने के लिए हो रहा है। यह चुनाव नशा मुक्त करने, घोटालों को पर्दाफाश करने का है और सबसे बड़ी बात यह चुनाव आपके परिवार के सदस्य नसीम खान का चुनाव है, जिसमें उसे भारी मतों से हमें विजयी बनाना है। विधायक बनने के बाद मैं क्षेत्र का चौतरफा विकास करूंगा।
पूर्व सांसद ओबैदुल्ला खान आजमी ने अपना वक्तव्य इन पंक्तियों से शरू किया,’वतन के हालात सुनाने लगेंगे,तो पत्थर भी आंसू बहाने लगेंगे।’
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की सरजमीं पर जो मौसम और मिजाज है,वह पूरी दुनियां भर में कहीं नहीं मिलेगा। भारत सर्वधर्म समभाव देश है। यहां सभी प्रकार की ऋतुएं हैं,जो किसी देश नहीं मिलेंगी। ऐसे में हिंदू और मुसलमान मिलकर क्यों नहीं अनेकता में एकता का प्रदर्शन कर सकते हैं। ओबैदुल्ला खान ने मंच साझा कर रहे मोहम्मद नसीम खान की ओर इशारा कर कहा कि यह चाँद पांच साल तक बदली में छुप गया था। लेकि बदली अब छटने वाली है। चांदिवली की जनता बदली को छांटने का काम करे,जिससे नसीम खान रूपी चांद खिल सके।
चुनावी सभा को मध्य प्रदेश के विधायक अजय सिंह ‘राहुल भैया’, पूर्व नगरसेवक शोभनाथ सांगले, एड. धीरज तिवारी, मेराज भाई, वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि ने संबोधित किया और मोहम्मद आरिफ नसीम खान को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए लोगों का आह्वान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महाविकास आघडी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।


