मुंबई वार्ता संवाददाता

मेगाब्लॉक की घोषणा होते ही यात्रियों की चिंता बढ़ जाती है। मध्य रेल्वे ने रविवार, 21 दिसंबर को मेगाब्लॉक लेने की घोषणा की है। इस दौरान केवल लोकल ट्रेनें ही नहीं बल्कि कई लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित होंगी। कुछ ट्रेनों को उनके अंतिम गंतव्य से पहले ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।


रविवार को मध्य रेल्वे की पांचवीं और छठी लाइन तथा हार्बर लाइन पर विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगाब्लॉक लिया जाएगा। इसका असर लोकल सेवाओं के साथ-साथ एक्सप्रेस ट्रेनों के समय पर भी पड़ेगा।
■ ठाणे–कल्याण सेक्शन पर अधिक असर.
ठाणे और कल्याण स्टेशनों के बीच पांचवीं और छठी लाइन पर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मेगाब्लॉक रहेगा।इस दौरान अप दिशा की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को अप और डाउन फास्ट लाइन से चलाया जाएगा, जिससे इन ट्रेनों के 10 से 15 मिनट विलंब से चलने की संभावना है।
● इन लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ेगा असर.
अप दिशा में चलने वाली सिंहगढ़, राज्यरानी, डेक्कन क्वीन जैसी पुणे से आने वाली ट्रेनों के साथ-साथ जनता, काकीनाडा, प्रगति, सेवाग्राम, चेन्नई, वंदे भारत, बनारस, हावड़ा, हटिया और कोयंबटूर एक्सप्रेस प्रभावित रहेंगी। डाउन दिशा में कोल्हापुर, गोंडा-गोदान, जयनगर-पवन और नेत्रावती एक्सप्रेस पर भी असर पड़ेगा।
● हार्बर लाइन पर यहां मेगाब्लॉक.
पनवेल और वाशी स्टेशनों के बीच अप और डाउन हार्बर लाइन पर सुबह 11.05 बजे से शाम 4.05 बजे तक मेगाब्लॉक रहेगा। पनवेल से मुंबई की ओर जाने वाली 10.33 से 15.49 के बीच की लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी। मुंबई/बेलापुर की ओर जाने वाली 9.45 से 15.12 के बीच की लोकल ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। पनवेल से ठाणे जाने वाली 11.02 से 15.53 तक की लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। ठाणे से पनवेल जाने वाली 10.01 से 15.20 तक की लोकल ट्रेनें रद्द हुई हैं।
● यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था.
मेगाब्लॉक के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से वाशी के बीच विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी। इसके अलावा ठाणे से वाशी और नेरुल के बीच सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। बेलापुर, नेरुल और उरण की लोकल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। वसई रोड से सुबह 9.50 बजे रवाना होने वाली वसई रोड–दिवा मेमू ट्रेन को कोपर स्टेशन पर 10.31 बजे शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।


