वरिष्ठ संवाददाता/मुंबई वार्ता

श्री महालक्ष्मी मंदिर ट्रस्ट, मुंबई द्वारा संचालित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में शाकंभरी महोत्सव का आयोजन किया गया। दो दिवसीय उत्सव में माता का हरी सब्जियों तथा फलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष शाकंभरी महोत्सव का आयोजन जाता है। इसके तहत माता का सब्जियों और मौसमी फलों से श्रृंगार कर उत्सव मनाया जाता है। दो दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर कर्मचारी वर्ग द्वारा सत्यनारायण महापूजा का आयोजन किया गया जिसमें मंदिर ट्रस्ट, प्रबंधन एवं कर्मचारी सपरिवार शामिल हुए।
मंदिर के प्रबंधक नितिन कांबली ने बताया कि शाकंभरी महोत्सव के दिन मंदिर नियमित पूर्व निर्धारित समय के अनुसार खुला। इसके बाद दैनिक पूजा की गई उसके बाद पुजारियों ने माता का फल और सब्जियों से माता महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती का श्रृंगार किया। माता के इस स्वरूप का दर्शन करने के लिए दोपहर 12:30 बजे से रात्रि 8 बजे तक भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली। अगले दिन सुबह 10 बजे से मंदिर कर्मचारी वर्ग की तरफ से सत्यनारायण महापूजा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में मंदिर के कर्मचारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। हवन की पूर्णाहुति के बाद शाकंभरी महोत्सव का समापन हुआ।


