श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में चर्चित NESCO कॉन्सर्ट ड्रग ओवरडोज मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान महेश हीरा खेमलानी उर्फ “मार्क” के रूप में हुई है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महेश खेमलानी को गुरुवार देर रात बैंकॉक (थाईलैंड) से मुंबई लौटने के तुरंत बाद मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। उसे वानराई पुलिस ने हिरासत में लिया।


जांच में सामने आया है कि NESCO में आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान कथित ड्रग ओवरडोज से दो MBA छात्रों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए थाईलैंड भाग गया था।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि खेमलानी इस मामले में ड्रग सप्लाई चेन का एक अहम हिस्सा था और कॉन्सर्ट में अवैध नशीले पदार्थों की सप्लाई में उसकी प्रमुख भूमिका हो सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि पूरे ड्रग नेटवर्क का खुलासा किया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।


