मुंबई के समुद्र में कचरा जाने से रोकने के लिए बीएमसी और ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच समझौता, 9 नए स्थानों पर लगेंगे इंटरसेप्टर।

Date:

■ ट्रॉम्बे और मालाड खाड़ी से अब तक 119.5 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया; समुद्री प्रदूषण रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल।


मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के समुद्र तटों और समुद्री पर्यावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ (The Ocean Cleanup) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। बुधवार, 18 नवंबर को हुए इस समझौते के तहत मुंबई के नालों और जलमार्गों से समुद्र में पहुंचने वाले प्लास्टिक तथा अन्य ठोस कचरे को रोकने के लिए आधुनिक इंटरसेप्टर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत मुंबई में नौ अतिरिक्त स्थानों पर इंटरसेप्टर प्रणाली स्थापित की जाएगी।


बीएमसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस संस्था ने पहले ही मालाड खाड़ी के रामचंद्र नाले और ट्रॉम्बे खाड़ी के सुभाष नगर नाले में ट्रैश इंटरसेप्टर प्रणाली स्थापित की है। इन दोनों स्थानों पर सितंबर 2026 के अंत तक कुल 119.5 मीट्रिक टन कचरा एकत्र कर हटाया जा चुका है। इसमें ट्रॉम्बे खाड़ी से 102 मीट्रिक टन और मालाड खाड़ी से 17.5 मीट्रिक टन कचरा शामिल है। इस काम में ‘प्लास्टिक फिशर’ (Plastic Fischer) और ‘यूनाइटेड वे मुंबई’ (United Way Mumbai) स्थानीय कार्यान्वयन सहयोगी के रूप में योगदान दे रहे हैं।

■ इन नौ स्थानों पर लगेंगे इंटरसेप्टर


नए समझौते के तहत जिन नौ स्थानों पर इंटरसेप्टर प्रणाली स्थापित की जाएगी, उनमें दादर-धारावी नाला, पीरामल नाला, गजधरबंध नाला, मिठी नदी, ट्रॉम्बे खाड़ी, कला नगर नाला, राजेंद्र नगर नाला, माहुल नाला और मालवणी नाला शामिल हैं। इन प्रणालियों के माध्यम से प्लास्टिक और पानी में तैरने वाले अन्य कचरे को अरब सागर में पहुंचने से पहले ही रोकने का प्रयास किया जाएगा।


इस समझौते पर बीएमसी की ओर से उप आयुक्त (बुनियादी सुविधाएं) गिरीश निकम और ‘द ओशन क्लीनअप’ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बोयन स्लैट ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी और बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े प्रमुख रूप से उपस्थित थीं। नीदरलैंड दूतावास के महावाणिज्यदूत नबील तौवाती, अतिरिक्त नगर आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर, उप आयुक्त (ठोस कचरा प्रबंधन) किरण दिघावकर और प्रमुख अभियंता (वर्षा जल निकासी) मेहुल पेंटर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

■ बीएमसी पहले से चला रही है कई योजनाएं


महापौर रितु तावड़े ने कहा कि मुंबई की समुद्री तटरेखा, नदियों और समुद्र को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए बीएमसी प्रतिबद्ध है। महानगरपालिका ने पहले ही 14 महत्वपूर्ण स्थानों पर कचरा रोकने के लिए ट्रैश बूम्स स्थापित किए हैं। इसके अलावा दहिसर, पोईसर और ओशिवरा नदियों के पुनर्जीवन की परियोजनाएं शुरू हैं। लवग्रोव और इर्ला में बैक रेक स्क्रीन लगाए गए हैं, जबकि 11 स्थानों पर ट्रैश नेट भी स्थापित किए गए हैं।


उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जलप्रवाह के साथ समुद्र में जाने वाले ठोस कचरे को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें स्वयंसेवी संस्थाओं और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि के माध्यम से सहयोग करने वाली संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘द ओशन क्लीनअप’ के साथ हुए समझौते से नौ और स्थानों पर इंटरसेप्टर प्रणाली शुरू होगी, जिससे समुद्र में पहुंचने वाले प्लास्टिक और अन्य तैरते कचरे को रोकने में मदद मिलेगी।


महापौर ने मुंबईकरों से अपील की कि वे नालों, नदियों और समुद्र तटों पर कचरा न फेंकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ मुंबई और प्रदूषणमुक्त समुद्र बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वयंसेवी संस्थाओं, सीएसआर भागीदारों, उद्योग जगत और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से मुंबई को अधिक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।


■ आधुनिक तकनीक और बीएमसी की व्यवस्था का होगा समन्वय


बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कहा कि महानगरपालिका ने समुद्र तट, नदियों और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए 14 महत्वपूर्ण स्थानों पर ट्रैश बूम प्रणाली पहले ही शुरू कर दी है। अब ‘द ओशन क्लीनअप’ के साथ हुए समझौते के माध्यम से नौ और स्थानों पर इंटरसेप्टर प्रणाली लगाई जाएगी।


उन्होंने कहा कि बीएमसी की कचरा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की मजबूत व्यवस्था तथा ‘द ओशन क्लीनअप’ की अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी विशेषज्ञता के समन्वय से प्लास्टिक और पानी में तैरने वाले अन्य कचरे को समुद्र में जाने से रोकने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। यह पहल मुंबई की समुद्री तटरेखा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।


इस अवसर पर नीदरलैंड दूतावास के महावाणिज्यदूत नबील तौवाती, ‘द ओशन क्लीनअप’ के संस्थापक एवं सीईओ बोयन स्लैट तथा बीएमसी के प्रमुख अभियंता मेहुलकुमार पेंटर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related