श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में भारी बारिश और जलभराव को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और तेज हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे गए खुले पत्र के बाद मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने विपक्ष, खासकर राज ठाकरे और ठाकरे परिवार पर घर बैठे राजनीति करने का आरोप लगाया।


बारिश से प्रभावित इलाकों का दौरा करने के दौरान मीडिया से बातचीत में अमित साटम ने कहा, “कुछ लोगों की आदत सिर्फ घर में बैठकर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखने और बड़े-बड़े बयान देने की हो गई है। मैं मुंबई की जनता से पूछना चाहता हूं कि पिछले 25 वर्षों में क्या किसी ने उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे या आदित्य ठाकरे को भारी बारिश के दौरान सड़कों पर उतरकर लोगों की मदद करते देखा है?”


साटम ने दावा किया कि बीजेपी के जनप्रतिनिधि और मुंबई के महापौर लगातार जलभराव वाले इलाकों में मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और नागरिकों की मदद कर रहे हैं।
■ ‘वीडियो को संदर्भ से काटकर पेश किया गया’
हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो और उस पर उठे विवाद को लेकर अमित साटम ने कहा कि उनके बयान और घटना के संदर्भ को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा, “मुझे बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर झूठ फैलाया जा रहा है। जिन्हें जो करना है, करने दीजिए।”
साटम ने आरोप लगाया कि मुंबई महानगरपालिका की स्थायी समिति में गठबंधन के दौरान कुछ दलों ने बीजेपी से “मलाईदार समझौतों” के लिए संपर्क किया था, लेकिन बीजेपी ने इनकार कर दिया। उनके अनुसार, “पिछले 25 वर्षों से जो आर्थिक लाभ कुछ लोगों को मिल रहे थे, वे अब बंद हो चुके हैं। इसी वजह से मुझे निशाना बनाया जा रहा है।”
■ राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री की चुप्पी पर उठाए थे सवाल
इससे पहले मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे खुले पत्र में आरोप लगाया था कि बीजेपी नेताओं में सत्ता का अहंकार आ गया है। उन्होंने अमित साटम के वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा था कि नागरिकों की मौत जैसे गंभीर मुद्दों पर भी कुछ बीजेपी पदाधिकारी असंवेदनशील रवैया अपना रहे हैं और मुख्यमंत्री की चुप्पी ऐसे व्यवहार को बढ़ावा दे रही है।
राज ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र की सुसंस्कृत राजनीतिक परंपरा को कमजोर किया जा रहा है।
हालांकि, अमित साटम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में बीजेपी मुंबई को भ्रष्टाचार-मुक्त और जवाबदेह प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आलोचनाओं से पीछे हटने वाली नहीं है।


