■ शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप
श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई महानगरपालिका के के-ईस्ट वार्ड के सहायक आयुक्त नितिन शुक्ला को एक महिला को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से मनपा प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। विक्रोली पार्कसाइट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नितिन शुक्ला (38) की पहचान शिकायतकर्ता महिला से उस समय हुई जब दोनों विक्रोली स्थित बिल्डिंग प्रपोजल विभाग में कार्य से जुड़े हुए थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।


■ क्या है आरोप?
पुलिस का कहना है कि शुक्ला ने महिला को बताया कि उनकी अपनी पत्नी के साथ संबंध ठीक नहीं हैं और वह उससे अलग होने की योजना बना रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने महिला से शादी करने का वादा किया।
महिला ने उनके भरोसे में आकर उनके साथ संबंध बनाए।
लेकिन समय के साथ महिला को एहसास हुआ कि शुक्ला शादी के मुद्दे को लगातार टाल रहे हैं। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिससे पूरा मामला सामने आया।


■ किस धाराओं में मामला दर्ज?
महिला की शिकायत के आधार पर विक्रोली पार्कसाइट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि नितिन शुक्ला पहले एफ-नॉर्थ वार्ड में वार्ड अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इसके बाद उन्हें के-ईस्ट वार्ड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया और बाद में पूर्णकालिक सहायक आयुक्त नियुक्त किया गया।
एक वरिष्ठ मनपा अधिकारी पर इस तरह का मामला दर्ज होने से नगर निगम के प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


