मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न नगर पालिका और नगर परिषद चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पार्टी ने 120 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि विपक्ष की स्थिति कमजोर होती दिखाई दी। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को महज नौ सीटों पर संतोष करना पड़ा।


जनता के बढ़ते भरोसे का हवाला देते हुए विधायक प्रवीण दरेकर ने विश्वास जताया कि आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में महायुति 150 से अधिक सीटें जीतेगी।यह भरोसा उन्होंने बोरीवली स्थित पाटीदार समाज हॉल में आयोजित मागाठाणे विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 5 की कार्यकर्ता बैठक और पार्टी प्रवेश समारोह में व्यक्त किया।


इस अवसर पर समीर सरोज के नेतृत्व में तथा जिला अध्यक्ष बाला तावड़े की अगुवाई में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता खुलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष प्रकाश दरेकर, सुभाष येरुणकर, मोतीभाई देसाई, शिवाजी चौगुले, मंडल अध्यक्ष अमित उतेकर, संजय घाडी, प्रियंका रेडकर, मृदुला पवार और तेजस माने सहित बड़ी संख्या में पुरुष व महिला कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सभा को संबोधित करते हुए दरेकर ने कहा कि वार्ड क्रमांक 5 भाजपा का सबसे सशक्त संगठन वाला वार्ड है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करने वाली पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महायुति सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां कुछ दल जाति की राजनीति करते हैं, वहीं भाजपा ने यह सिद्ध किया है कि विकास के आधार पर भी राजनीति की जा सकती है। इसी कारण मुंबई तेजी से बदल रही है।
दरेकर ने कहा कि मुंबई को नया आकार देने की क्षमता महायुति में है और विकास के मामले में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी विश्वास के चलते समीर सरोज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़े हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अनुशासन की पार्टी है और जो लोग राजनीति में संयम और समर्पण रखते हैं, वही सफल होते हैं। मगाठाणे भाजपा का मजबूत गढ़ है। गठबंधन के दौर में भी वे मागाठाणे में अधिकतम सीटें जीतने का ईमानदार प्रयास करेंगे और एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों, समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं से योजनाबद्ध तरीके से काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही सफलता की गारंटी होता है।



बधाई