मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अंतर्गत चल रही सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी और आईजीसीएसई बोर्ड की कुल 22 स्कूलों के लिए आगामी शैक्षणिक वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया जनवरी महीने से शुरू होगी। यह प्रक्रिया 1 जनवरी से 20 जनवरी के बीच आयोजित की जाएगी।


फिलहाल मुंबई में महानगरपालिका की सीबीएसई बोर्ड की 19 स्कूलें संचालित हैं। चारों बोर्डों को मिलाकर कुल 22 स्कूलों में प्रवेश दिए जाएंगे।मुंबई में वर्ष 2020 में जोगेश्वरी पूर्व के पूनम नगर स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल (महानगरपालिका स्कूल) में पहली सीबीएसई स्कूल शुरू की गई थी। इस स्कूल को अभिभावकों की ओर से अच्छा प्रतिसाद मिला। इसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए महानगरपालिका ने अन्य क्षेत्रों में भी सीबीएसई स्कूलें शुरू कीं।
साल 2021 में महानगरपालिका ने 10 और स्थानों पर सीबीएसई स्कूलें शुरू कीं। इसके साथ ही आईसीएसई, आईबी और आईजीसीएसई बोर्ड की भी एक-एक स्कूल शुरू की गई, जिन्हें भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।इसके बाद सीबीएसई स्कूलों में नर्सरी और बालवाड़ी की अतिरिक्त कक्षाएं भी शुरू की गईं। महानगरपालिका की केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय बोर्ड की स्कूलों में प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आते हैं। इसी कारण इन स्कूलों में लॉटरी प्रणाली के जरिए प्रवेश दिया जाता है।
निजी स्कूलों की महंगी फीस वहन न कर पाने वाले सामान्य और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए ये महानगरपालिका स्कूलें एक बड़ा सहारा बनी हैं। इसी वजह से इन स्कूलों को हर वर्ष जबरदस्त प्रतिसाद मिलता है।


