श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

राज्य में आगामी महानगरपालिका चुनावों का बिगुल बज चुका है। नामांकन दाखिल करने के लिए अब केवल कुछ ही घंटे शेष हैं, ऐसे में राजनीतिक गतिविधियों ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए उम्मीदवारों को AB फॉर्म का वितरण शुरू कर दिया है।


सूत्रों के अनुसार, भाजपा की पहली सूची में कुल 125 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें अधिकांश नए और युवा चेहरों को अवसर दिया गया है।दादर स्थित भाजपा कार्यालय ‘वसंत स्मृति’ में रविवार रात 1 बजे से ही इच्छुक उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। जिन वार्डों में महायुति के भीतर सीटों का बंटवारा तय हो चुका है, वहां के उम्मीदवारों को तुरंत बुलाकर देर रात से लेकर तड़के तक AB फॉर्म वितरित किए गए।
मुंबई भाजपा की ओर से पहला AB फॉर्म तेजस्वी घोसालकर को सौंपा गया। वे वार्ड क्रमांक 2 से चुनाव मैदान में उतरेंगी। उनके साथ अर्चना भालेराव समेत लगभग 10 से 15 उम्मीदवारों को तड़के तक AB फॉर्म दिए गए। इस बार भाजपा ने अनुभवी पूर्व नगरसेवकों के साथ-साथ नए जोश से भरपूर युवा नेतृत्व पर भी भरोसा जताया है।
प्रमुख उम्मीदवार इस प्रकार हैं—नील सोमय्या: मुलुंड पश्चिम, वार्ड क्रमांक 107, तेजिंदर सिंह तिवाना: वार्ड क्रमांक 47, शिवानंद शेट्टी: पूर्व नगरसेवक, वार्ड क्रमांक 9, नवनाथ बन: प्रभाग क्रमांक 135। इस चुनाव में भाजपा ने ‘मिशन 150’ का लक्ष्य तय किया है। मुंबई में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पार्टी पूरी ताकत झोंक रही है। कई स्थानों पर स्थापित नेताओं को दरकिनार कर नए चेहरों को मौका दिए जाने से आंतरिक नाराजगी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि जीत की प्रबल संभावना वाले उम्मीदवारों को ही प्राथमिकता दी गई है।
अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई की राजनीति में क्या बड़ा उलटफेर होता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।


