मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिडे ने कहा है कि मुंबई को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक पर्यटन केंद्र बनाने के लिए बीएमसी विशेष प्रयास कर रही है। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, दिशा-सूचक बोर्ड, सार्वजनिक शौचालय, पेयजल सुविधा और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी विश्वस्तरीय एवं समग्र सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


बीएमसी मुख्यालय में शुक्रवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल (एमटीडीसी) और मुंबई शहर जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुंबई की पर्यटन क्षमता बढ़ाने और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई।


अश्विनी भिडे ने कहा कि मुंबई की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विरासत स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए कई पहल की जा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यटकों के मार्गदर्शन और सुविधाओं से जुड़े सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराना बीएमसी की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी निगम सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
बैठक में मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल, अपर जिलाधिकारी बाप्पासाहेब थोरात, बीएमसी के उपायुक्त प्रशांत गायकवाड़, जिला नियोजन अधिकारी संजयकुमार शिंदे, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल के महाप्रबंधक चंद्रशेखर जैसवाल और व्यवसाय विकास विभाग की प्रमुख मानसी कोठारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में चंद्रशेखर जैसवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुंबई पर्यटन की संभावनाओं और विकास योजनाओं की जानकारी दी।
अश्विनी भिडे ने कहा कि मुंबई में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल के सहयोग से पर्यटन अवसंरचना को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने शहर में नए पर्यटन स्थलों के विकास पर भी जोर दिया और सुझाव दिया कि पर्यटकों तथा नागरिकों को विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल एक समर्पित पर्यटन वेबसाइट विकसित करे।
महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल के महाप्रबंधक चंद्रशेखर जैसवाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटन अवसंरचना विकसित करने और सतत पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इको-टूरिज्म तथा साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्वशासी संस्थाओं, विशेष रूप से बृहन्मुंबई महानगरपालिका, को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने इस दिशा में बीएमसी से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा भी जताई।


