मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मॉनसून ने दस्तक दे दी है। इस वर्ष सामान्य से कुछ देरी से पहुंचा मॉनसून अब शहर और उपनगरों में सक्रिय हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार और मंगलवार के लिए मुंबई के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।


मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, मॉनसून के औपचारिक आगमन से पहले ही प्री-मॉनसून बारिश ने मुंबई को अच्छी तरह भिगो दिया था। हाल के दिनों में हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को लंबी ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें तथा समुद्र तटीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 27 से 30 जून के बीच पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि वहां भी मॉनसून के आगमन में कुछ देरी हो सकती है।
मुंबई में मॉनसून के सक्रिय होने के साथ ही आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे जलभराव और यातायात संबंधी चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।


