श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

उत्तर मुंबई के शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक महत्व रखने वाले मालाड (पश्चिम) स्थित लिबर्टी गार्डन परिसर में निर्मित मुंबई पब्लिक स्कूल की अत्याधुनिक नई इमारत का रविवार को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल के हाथों भव्य उद्घाटन किया गया। लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह विद्यालय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का प्रतीक माना जा रहा है।


उद्घाटन समारोह में महापौर ऋतु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी, विधायक अस्लम शेख, सदन के नेता गणेश खणकर, शिक्षा समिति की अध्यक्षा राजश्री शिरवाडकर, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अविनाश ढाकणे, सुधार समिति की अध्यक्षा संध्या दोषी, स्थापत्य समिति की अध्यक्षा संगीता ज्ञानमूर्ति शर्मा, स्थानीय नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य तेजिंदर सिंह तिवाना, नगरसेवक योगेश वर्मा, नगरसेविका योगिता कोळी, पूर्व नगरसेविका जया तिवाना, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत में अतिरिक्त आयुक्त अविनाश ढाकणे ने विद्यालय की आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी। वर्ष 2019 में पुरानी इमारत को जर्जर और असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद विद्यार्थियों को अन्य विद्यालयों में स्थानांतरित किया गया था। नई इमारत के निर्माण के लिए स्थानीय नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने प्रशासनिक मंजूरियों, निधि और निर्माण कार्य को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अब विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया परिसर उपलब्ध हुआ है।
1,530 विद्यार्थियों की क्षमता, 51 कक्षाओं सहित आधुनिक सुविधाएं
जी+6 मंजिला इस विद्यालय में लगभग 1,530 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था की गई है। परिसर में 51 कक्षाएं, दो बालवाड़ी कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, वर्चुअल लर्निंग रूम, सेमिनार हॉल, एक्टिविटी हॉल, बहुउद्देश्यीय सभागार, चित्रकला कक्ष, मध्याह्न भोजन कक्ष, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं तथा आधुनिक लिफ्ट प्रणाली उपलब्ध कराई गई है।
इस विद्यालय का लाभ सोमवारी बाजार, काचपाड़ा, श्री मुथूमायवम्मन नगर, न्यू लिंक रोड तथा आसपास के घनी आबादी वाले और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को मिलेगा।
■ “हर बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा का अधिकार” : पीयूष गोयल
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि “मुंबई पब्लिक स्कूल केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का केंद्र है। महानगरपालिका के विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों के समान आधुनिक, तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। प्रत्येक बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा का समान अवसर मिलना ही वास्तविक राष्ट्रनिर्माण है।”
उन्होंने उत्तर मुंबई में स्किल इंडिया सेंटर, अस्पताल, भूजल तालाब और उद्यान विकास जैसी विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों से प्रशासन के प्रति सजग रहने और अपनी आवाज सक्रिय रूप से उठाने का आह्वान किया।
■ “शिक्षा पर खर्च नहीं, भविष्य में निवेश” : तेजिंदर सिंह तिवाना
स्थानीय नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि “शिक्षा पर किया गया निवेश कोई खर्च नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के निर्माण का सबसे बड़ा सामाजिक निवेश है। सीबीएसई पाठ्यक्रम, डिजिटल शिक्षा, प्रयोगशालाओं और कौशल आधारित शिक्षण के माध्यम से यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होंगे।”
उन्होंने इसे विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए दीपावली से पहले मिला एक अनमोल उपहार बताया।
महापौर ऋतु तावड़े ने कहा कि महानगरपालिका प्रशासन और तेजिंदर सिंह तिवाना के सतत प्रयासों के कारण यह परियोजना निर्धारित समय में पूरी होकर जनता को समर्पित की जा सकी है।
विद्यालय के औपचारिक उद्घाटन के बाद शीघ्र ही सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत नर्सरी, जूनियर केजी और सीनियर केजी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसे लेकर स्थानीय अभिभावकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका की यह परियोजना केवल एक नई इमारत का उद्घाटन नहीं, बल्कि “हर बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा का अधिकार” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके साथ ही मालाड क्षेत्र में शिक्षा के एक नए युग की शुरुआत होने और महानगरपालिका शिक्षा व्यवस्था के प्रति नागरिकों का विश्वास और मजबूत होने की उम्मीद व्यक्त की गई।


