श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

उत्तर मुंबई के शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माने जा रहे मालाड (पश्चिम) स्थित लिबर्टी गार्डन परिसर में निर्मित अत्याधुनिक मुंबई पब्लिक स्कूल का लोकार्पण केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल के हाथों उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह आधुनिक शैक्षणिक परिसर मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का प्रतीक माना जा रहा है।


इस अवसर पर महापौर ऋतु तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी, विधायक अस्लम शेख, सभागृह नेता गणेश खणकर, शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजश्री शिरवाडकर, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अविनाश ढाकणे, सुधार समिति की अध्यक्ष संध्या दोषी, स्थापत्य समिति की अध्यक्ष संगीता ज्ञानमूर्ति शर्मा, स्थानीय नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य तेजिंदर सिंह तिवाना, नगरसेवक योगेश वर्मा, नगरसेविका योगिता कोली, पूर्व नगरसेविका जया तिवाना, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिरिक्त आयुक्त अविनाश ढाकणे ने नई इमारत की विशेषताओं, आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी।
वर्ष 2019 में पुरानी स्कूल इमारत को खतरनाक घोषित किए जाने के बाद विद्यार्थियों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित कर दिया गया था। नई इमारत के निर्माण के लिए नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने लगातार प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए, आवश्यक मंजूरियां और निधि उपलब्ध कराने के लिए लगातार पीछा किया, जिसके परिणामस्वरूप आज विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त नया शैक्षणिक परिसर प्राप्त हुआ है।
■ 1,530 विद्यार्थियों की क्षमता वाली सात मंजिला इमारत
जी+6 मंजिला इस भव्य स्कूल भवन में लगभग 1,530 विद्यार्थियों के लिए व्यवस्था की गई है। यहां 51 कक्षाएं, दो बालवाड़ी कक्ष, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, वर्चुअल लर्निंग रूम, सेमिनार हॉल, एक्टिविटी हॉल, बहुउद्देशीय सभागार, चित्रकला कक्ष, मध्याह्न भोजन कक्ष, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं तथा आधुनिक लिफ्ट की व्यवस्था की गई है।
सोमवारी बाजार, काचपाड़ा, श्री मुथूमायवम्मन नगर, न्यू लिंक रोड और आसपास के घनी आबादी वाले तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को इस स्कूल का सीधा लाभ मिलेगा।
■ “हर बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा का अधिकार” : पीयूष गोयल
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मुंबई पब्लिक स्कूल केवल एक शाला नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का केंद्र है। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका के विद्यार्थियों को भी निजी स्कूलों की तरह आधुनिक, तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए और हर बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण है।
■ “शिक्षा पर खर्च नहीं, भविष्य में निवेश” : तेजिंदर सिंह तिवाना
नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि शिक्षा पर किया गया निवेश आने वाली पीढ़ियों के निर्माण का सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई पाठ्यक्रम, डिजिटल शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और कौशल आधारित शिक्षण के माध्यम से यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनेंगे। उन्होंने नई स्कूल इमारत को विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए दिवाली से पहले की अनमोल सौगात बताया।
महापौर ऋतु तावड़े ने महानगरपालिका प्रशासन और नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी वजह से यह परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो सकी।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर मुंबई में स्किल इंडिया सेंटर, अस्पताल, भूजल तालाब और उद्यान विकास जैसी विभिन्न विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी तथा नागरिकों से प्रशासनिक कमियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
स्कूल के औपचारिक उद्घाटन के बाद सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत नर्सरी, जूनियर केजी और सीनियर केजी में प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा व्यवस्था में यह परियोजना केवल एक नई इमारत का उद्घाटन नहीं, बल्कि “हर बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा का अधिकार” की अवधारणा को साकार करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही मालाड क्षेत्र में शिक्षा के एक नए युग की शुरुआत होने और महानगरपालिका स्कूलों के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होने की उम्मीद जताई गई।


