मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी को स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रचारित-प्रसारित करने पर जोर दिया गया है। यह निर्देश स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरिश भांदिर्गे ने मंगलवार को आयोजित बैठक में प्रशासन को दिए।


स्वास्थ्य समिति के नव-निर्वाचित सदस्यों को महानगरपालिका की स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रमुख अस्पतालों, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग और उपनगरीय अस्पतालों के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।


इस दौरान उपायुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) शरद उघडे, प्रमुख अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेजों के संचालक डॉ. शैलेश मोहिते सहित सभी संबंधित अधिकारी और अस्पतालों के अधिष्ठाता उपस्थित रहे।


प्रस्तुतीकरण में अस्पतालों की सुविधाएं, बेड क्षमता, कर्मचारियों की उपलब्धता, चल रहे बुनियादी ढांचा विकास कार्य, इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स और बेड क्षमता बढ़ाने की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही झोपड़पट्टी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं, रक्तचाप, मधुमेह नियंत्रण, पोषण और योग जैसे अभियानों पर भी प्रकाश डाला गया।
स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष हरिश भांदिर्गे ने निर्देश दिया कि इन सभी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक स्वास्थ्य केंद्रों और स्थानीय स्तर पर व्यापक रूप से पहुंचाई जाए।
बैठक में सदस्यों ने क्षयरोग (टीबी) जैसी बीमारियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, विशेष प्रभागों में निदान और उपचार सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके अलावा हिंदुहृदयसम्राट बाळासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना की संख्या बढ़ाने का भी सुझाव दिया गया।


