मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के खिलाफ मुंबई में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर छह होटल, क्लब और खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें बांद्रा स्थित ओटर्स क्लब और चेंबूर स्थित जेप्टो का एक गोदाम भी शामिल है।


FDA की जांच में ओटर्स क्लब में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार, वहां एनालॉग पनीर के इस्तेमाल और कॉकरोच पाए जाने जैसी अनियमितताएं मिलीं। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता मानकों का भी उचित पालन नहीं किया गया था।
इसी कार्रवाई के तहत चेंबूर स्थित जेप्टो के प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित किया गया। निरीक्षण के दौरान वहां वेंटिलेशन, साफ-सफाई, ठंडे एवं जमे हुए खाद्य पदार्थों के तापमान नियंत्रण, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा संबंधी अन्य मानकों में कमियां पाई गईं।
FDA की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों और ऑनलाइन खाद्य-वितरण से जुड़े गोदामों पर लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी राज्य में जेप्टो, ब्लिंकिट और इंस्टामार्ट से जुड़े कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस स्वच्छता संबंधी खामियों के कारण निलंबित किए जा चुके हैं।
FDA का कहना है कि खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, उचित भंडारण, तापमान नियंत्रण और कीट नियंत्रण जैसे मानकों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


