मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। मूसलाधार बारिश के दौरान फर्स्ट क्लास डिब्बे का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मयंक लोहार (22) के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बोरिवली सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, चर्चगेट से रात 10:05 बजे रवाना हुई ट्रेन संख्या 90663 के फर्स्ट क्लास डिब्बे में आरोपी पहले से मौजूद था। रात 10:42 बजे अंधेरी स्टेशन पर विरार निवासी मयंक लोहार ट्रेन में सवार हुआ। अंधेरी और बोरिवली के बीच तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान मयंक ने आरोपी से डिब्बे का दरवाजा बंद करने को कहा, जिससे दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपी ने धारदार हथियार से मयंक के पेट पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
रात 11:04 बजे ट्रेन बोरिवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंचने से पहले ही आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवान कुछ ही मिनटों में डिब्बे तक पहुंचे और घायल यात्री को बचाने की कोशिश शुरू की।
मंगलवार तड़के वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने बोरिवली स्टेशन पहुंचकर घटना की समीक्षा की। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जांच अधिकारी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और घटना के प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।
मयंक लोहार विरार का रहने वाला था और अंधेरी स्थित एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। काम से घर लौटते समय वह इस दर्दनाक घटना का शिकार हो गया। उसके परिवार में माता-पिता, एक बहन और तीन भाई हैं।
पश्चिम रेलवे मार्ग पर इस वर्ष चाकूबाजी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले फरवरी में मालाड स्टेशन पर उतरते समय हुए विवाद में विले पार्ले के एक कॉलेज के प्रोफेसर आलोक सिंह पर चाकू से हमला किया गया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपी ओंकार शिंदे को गिरफ्तार किया था।
■ घटनाक्रम एक नजर में
रात 10:05 बजे – चर्चगेट से ट्रेन संख्या 90663 रवाना हुई।
रात 10:42 बजे – अंधेरी स्टेशन पर मयंक लोहार फर्स्ट क्लास डिब्बे में सवार हुआ।
अंधेरी-बोरिवली के बीच – दरवाजा बंद करने को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।
रात 11:04 बजे – बोरिवली स्टेशन पहुंचने से पहले आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
रात 11:07 बजे – जीआरपी और आरपीएफ की टीम डिब्बे में पहुंची।
रात 11:10 बजे – मेडिकल सहायता और स्ट्रेचर की व्यवस्था की गई।
रात 11:22 बजे – घायल युवक को बोरिवली स्टेशन के ईएमआर में पहुंचाया गया।
रात 11:42 बजे – शताब्दी अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
रात 11:52 बजे – अस्पताल पहुंचने के बाद उपचार के दौरान मयंक लोहार की मौत हो गई।
इस घटना ने मुंबई लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


