श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता
आज मुंबई के आजाद मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह का असर नागपुर से हवाई जहाज की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है।
आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए नागपुर और उसके आसपास के शहरों के तमाम कार्यकर्ता और पार्टी नेता मुंबई के लिए रवाना हो रहे हैं। इसलिए यहां से मुंबई जाने वाली सभी उड़ानें फुल बताई जा रही हैं। उनका किराया भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नेता और कार्यकर्ताओं मे उत्साह इतना अधिक दिखाई दे रहा है कि वह महंगे से महंगे टिकट को भी खरीद कर मुंबई पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
टिकटों की मारामारी देख एयरलाइंस कंपनियों ने अचानक अपना किराया बढ़ा दिया है। एक ट्रैवल वेबसाइट के आंकड़ों की माने तो फ्लाइट का किराया 20 से 25 हजार तक पहुंच गया है। वहीं कुछ नेता और कार्यकर्ता ट्रेन तथा निजी वाहनों से मुंबई की ओर निकल गए हैं, क्योंकि वे इतने महंगे टिकटों का बोझ नहीं उठा सकते हैं। पिछले दो दिनों तक नागपुर से मुंबई का किराया 5000 से अधिकतम 7000 के बीच चल रहा था, लेकिन 4 और 5 दिसंबर को सीधे 20 हजार से 25 हजार रुपए तक पहुंच गया।
एयरलाइंस कंपनियां ऐसे मौके का इंतजार कर रही थीं और उन्होंने मौका देखकर चौका मार दिया है। अब नेताओं के चक्कर में आम यात्रियों को भी महंगी टिकट यात्रा का बोझ सहन करना पड़ रहा है।


