मेट गाला के लिए न्यूयॉर्क जा रही रिया कपूर की टीम से 1.35 करोड़ रुपये के हीरे-पन्ना जड़े ईयररिंग्स चोरी, सहार पुलिस में मामला दर्ज।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मेट गाला 2026 में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क जा रही निर्माता रिया कपूर की टीम के साथ यात्रा कर रही मेकअप आर्टिस्ट के बैग से करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये मूल्य के दो जोड़ी कीमती ईयररिंग्स चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सहार पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के अंतर्गत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस उपायुक्त निमित गोयल ने दी है।


पुलिस के अनुसार, 41 वर्षीय सवलीन सिंह पिछले सात वर्षों से रिया अनिल कपूर के साथ मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम कर रही हैं और विभिन्न फैशन कार्यक्रमों में उनकी मेकअप टीम का हिस्सा रही हैं। मेट गाला फैशन इवेंट के लिए रिया कपूर को न्यूयॉर्क आमंत्रित किया गया था, जिसके लिए उनकी पूरी टीम 27 अप्रैल 2026 की रात 10.25 बजे मुंबई से रवाना हुई। टीम ने एमिरेट्स एयरलाइंस से मुंबई-दुबई और दुबई-न्यूयॉर्क मार्ग से यात्रा की।
रिया कपूर के लिए मुंबई के मेहता ज्वेलर्स और गोयंका ज्वेलर्स से किराये पर लिए गए दो जोड़ी महंगे ईयररिंग्स सवलीन सिंह को सौंपे गए थे। उन्होंने दोनों ईयररिंग्स के बॉक्स अपनी हैंडबैग में रखे थे।


टीम 28 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5.30 बजे न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची और वहां से होटल पियर पहुंची। बाद में सवलीन सिंह ने टीम की सदस्य शिरीन मैडम को ईयररिंग्स सौंपने के लिए बॉक्स खोले तो दोनों बॉक्स खाली मिले। आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ईयररिंग्स चोरी कर लिए।


चोरी हुए आभूषणों में मेहता ज्वेलर्स के पन्ना (एमराल्ड) और हीरे जड़े सोने के ईयररिंग्स की एक जोड़ी, जिसकी कीमत लगभग 66 लाख रुपये है, तथा गोयंका ज्वेलर्स के जाम्बियन एमराल्ड स्टोन और सोने की बॉर्डर वाले ईयररिंग्स की एक जोड़ी, जिसकी कीमत करीब 69 लाख रुपये बताई गई है। दोनों की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये है।


सहार पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यात्रा के किस चरण में और किस अज्ञात व्यक्ति द्वारा इन कीमती आभूषणों की चोरी की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

मुंबई पुलिस ने 440 शिकायतकर्ताओं को लौटाया 3.26 करोड़ रुपये से अधिक का मुद्देमाल।

मुंबई वार्ता संवाददाता पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े (पश्चिम...