मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

शिक्षा जगत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को उनके गुणों का यथोचित सम्मान करने के उद्देश्य से “क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले राज्य शिक्षक गुणगौरव पुरस्कार” प्रदान किया जाता है। इसी कड़ी में पुणे विद्यार्थी गृह संस्था घाटकोपर पूर्व स्थित विद्याभवन हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज की प्राचार्या योगिनी राजेंद्र पोतदार को शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए महाराष्ट्र शासन की ओर से सन 2024-25 का ‘क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले राज्य शिक्षक गुणगौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।


बता दें कि यह पुरस्कार 22 सितंबर 2025 को टाटा थिएटर, एन.सी.पी.ए. हॉल में महाराष्ट्र राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और शिक्षा मंत्री दादा भुसे के हाथों उन्हें प्रदान किया गया।पोतदार ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रयास करते हुए विद्यार्थी संख्या वृद्धि, छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी, पिछले 25 वर्षों से लगातार 10 वीं का 100% परिणाम, डिजिटल स्कूल, सुसज्ज प्रयोगशाला, पुस्तकालय जैसी अनेक सुविधाएँ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराईं।


प्राचार्या योगिनी राजेंद्र पोतदार के नेतृत्व में पिछले वर्ष विद्याभवन हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज को महाराष्ट्र शासन के ‘मुख्यमंत्री मेरी स्कूल सुंदर स्कूल’ इस उपक्रम के अंतर्गत मुंबई उपनगर जिले में प्रथम क्रमांक का पारितोषिक (रु. 11,00,000) प्राप्त हुआ।


