मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्यसभा की सात सीटों के लिए चुनाव होने जा रहा है और महाविकास आघाड़ी को एक सीट पर चुनाव लड़ना है। इस एक सीट के लिए कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ नेताओ ने शरद पवार को समर्थन देने का निर्णय लिया है, ऐसा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बताया।


गांधी भवन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की कार्याध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुळे ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विधानमंडल दल के नेता विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में कांग्रेस के गुटनेता सतेज उर्फ बंटी पाटिल, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जोशी और राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक जितेंद्र आव्हाड सहित अन्य नेता उपस्थित थे।


इस मुलाकात के बाद आयोजित पत्रकार सम्मेलन में बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आगे कहा कि राज्यसभा की उम्मीदवारी कांग्रेस पार्टी को मिले, ऐसी हमारी अपेक्षा थी। लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ चर्चा के बाद वरिष्ठ नेता शरद पवार की उम्मीदवारी को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है।


इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुळे ने शरद पवार की उम्मीदवारी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी के सभी घटक दलों का आभार व्यक्त किया।


