राहुल गांधी की मौजूदगी में नासिक में कांग्रेस जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन।

Date:

■ जिला अध्यक्षों के परिजनों से राहुल गांधी ने की मुलाकात, आंदोलनरत आदिवासी विद्यार्थियों से भी किया संवाद।

मुंबई वार्ता संवाददाता

कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के चयन एवं नियुक्ति प्रक्रिया के अंतर्गत नासिक में आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रमुख मार्गदर्शन में समापन हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 24 अगस्त से आयोजित किया जा रहा था।


राहुल गांधी बुधवार सुबह ओझर हवाई अड्डे पहुंचे, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में कांग्रेस विधायक दल के नेता सतेज उर्फ बंटी पाटील सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।


इसके बाद राहुल गांधी ने एमटीडीसी रिसॉर्ट में आयोजित प्रशिक्षण शिविर स्थल पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, सतेज उर्फ बंटी पाटील, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य बालासाहेब थोरात और नसीम खान, सांसद चंद्रकांत हंडोरे, माणिकराव ठाकरे, सांसद रजनीताई पाटील, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़, प्रणिती शिंदे, डॉ. विश्वजीत कदम, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव बी. एम. संदीप, रेहाना चिश्ती तथा वामशी रेड्डी सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

■ जिला अध्यक्षों के परिजनों से किया संवाद


वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के परिजनों से मुलाकात कर संवाद किया। इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्षों को संबोधित किया। राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत और व्यापक बनाने तथा कांग्रेस की विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राहुल गांधी ने इस दौरान जिला अध्यक्षों को जिजित्सू मार्शल आर्ट की जानकारी भी दी और इसका प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया।

■ आंदोलनरत आदिवासी विद्यार्थियों से मिले राहुल गांधी


राहुल गांधी ने नासिक, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर से आए आंदोलनरत आदिवासी विद्यार्थियों से भी मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी मांगों को जाना। राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।

■ संगठन निर्माण और विचारधारा पर 10 दिनों तक प्रशिक्षण


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में 10 दिनों तक कांग्रेस की दृष्टि एवं दिशा, पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों, संगठनात्मक तैयारी, कांग्रेस की विचारधारा तथा देश की राजनीति में पार्टी की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।


राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के सवालों, अपेक्षाओं, मुद्दों और राजनीतिक दृष्टिकोण को भी विशेष महत्व दिया गया।

■ श्रमदान और मनरेगा के जरिए ग्रामीण जीवन का अनुभव


प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिदिन श्रमदान किया गया। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों और आम जनता की समस्याओं का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए मनरेगा के तहत कार्य का अनुभव भी कराया गया।


प्रशिक्षण के माध्यम से श्रम, संघर्ष, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आम जनता के रोजमर्रा के सवालों को करीब से समझने का प्रयास किया गया, ताकि कांग्रेस के संगठनात्मक एवं राजनीतिक नेतृत्व को अधिक सक्षम बनाया जा सके।

■ वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद


समापन कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में कांग्रेस विधायक दल के नेता सतेज उर्फ बंटी पाटील, पूर्व मंत्री एवं CWC सदस्य नसीम खान, गोवा, दमन एवं दीव के प्रभारी माणिकराव ठाकरे, सांसद प्रणिती शिंदे, पूर्व मंत्री डॉ. विश्वजीत कदम, सांसद शोभा बच्छाव, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व मंत्री वसंत पुरके, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव वामशी रेड्डी, बी. एम. संदीप, रेहाना चिश्ती, राजाराम पानगव्हाणे, शरद आहेर सहित कांग्रेस के अन्य नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related