श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के वाकोला पुलिस ने शिकायत मिलने के 48 घंटों के भीतर अपहरणकर्ताओं को जेल की सलाखों के पीछे कर दिया है.
वाकोला पुलिस थाने में शिकायतकर्ता महेश केशव चौधरी ने 24 फरवरी की रात अपने पिता केशव चौधरी के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने तकनीकी के आधार पर एक अपहरणकर्ता राधेश्याम सोनी को कांदिवली पश्चिम से पकड़ा. पूछताछ के दौरान सोनी ने बताया कि उसके दो अन्य साथियों ने अपहृत केशव चौधरी को राम मंदिर पश्चिम की एक इमारत में रखा है.
इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापामारा और सोनी के अन्य दोनों साथियों सतीश यादव और धर्मेंद्र रविदास को गिरफ्तार कर अपहृत केशव चौधरी को अपहरणकर्ताओ की गिरफ्त से सुरक्षित छुड़ा लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परम जीत सिंह दहिया, पुलिस उपायुक्त (जोन-8) मनीष कलवानिया के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई वाकोला पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश खाडेकर की टीम ने की है.


