मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के विलेपार्ले पश्चिम में मंगलवार देर रात एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बैप्टिस्टा रोड स्थित शांता भवन बिल्डिंग, चर्च रोड, सेंट जेवियर स्कूल के पास इमारत की 11वीं मंजिल पर रात करीब 10:02 बजे आग लगने की सूचना मिली। हादसे में 2.5 साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं।


बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड कंट्रोल को सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग को रात 10:08 बजे लेवल-1 और करीब 10:16 बजे लेवल-2 घोषित किया गया। मुंबई फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ को भी मौके पर तैनात किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग स्टिल्ट + ऊपरी 11 मंजिल वाली इमारत की 11वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1101 और 1102 में लगी थी। आग बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, एसी यूनिट, घरेलू सामान, सोफा, बेड, फॉल्स सीलिंग और रसोई के सामान तक फैल गई। करीब 4,000 वर्गफुट क्षेत्र आग की चपेट में आया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और करीब रात 1 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। आग को रात 12:25 बजे तक नियंत्रण में ले लिया गया था।
■ दो की मौत, छह घायल
नानावटी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में कुल छह घायलों को लाया गया, जिनमें 2.5 वर्षीय अबीर और 23 वर्षीय अंकिता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों में 32 वर्षीय पार्थ और 64 वर्षीय हिरेन की हालत स्थिर बताई गई है। वहीं 33 वर्षीय यशस्वी और अभिषेक की हालत भी स्थिर रही और उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके अलावा दो अन्य घायलों को कूपर अस्पताल ले जाया गया। इनमें 30 वर्षीय फायरमैन मनोज सोनावणे और 29 वर्षीय शिवम द्विवेदी शामिल हैं। दोनों का उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बीएमसी के अनुसार हादसे में कुल 8 लोगों के घायल होने की सूचना मिली, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


