मुंबई वार्ता संवाददाता

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अरज़ू स्वाभिमान नागरिक समिति द्वारा दादर स्थित अरज़ू हॉल में विशेष जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले, नेताजी सुभाषचंद्र बोस के भतीजे चंद्रकुमार बोस, समाजसेवक एवं पूर्व डेप्युटी मेयर बाबुभाई भवनजी तथा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे।


इस अवसर पर रामदास आठवले और चंद्रकुमार बोस ने उपस्थित नागरिकों को भारत को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने स्वच्छता और हरित अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने अरज़ू स्वाभिमान नागरिक समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। विशेष रूप से झोपड़पट्टीवासियों और सामान्य नागरिकों को झोपड़पट्टी संबंधी दस्तावेज़ों एवं कानूनी कागजात तैयार करने में दी जा रही सहायता को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि ये दस्तावेज़ सरकार की “माझा घर माझा अधिकार” योजना के तहत होने वाले सर्वेक्षण में उपयोगी साबित होंगे और पात्र नागरिकों को सरकारी आवास योजनाओं के अंतर्गत फ्लैट प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र की जनता से अपील की गई कि वे इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने सभी आवश्यक कानूनी दस्तावेज़ समय पर तैयार रखें।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और नागरिक सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ।


