श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र की राजनीति में जुबानी जंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिवसेना प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े ने विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि,” संजय राऊत द्वारा लगातार की जा रही बयानबाजी और गाली-गलौज से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, बल्कि इससे खुद राऊत की ही पार्टी को नुकसान पहुँच रहा है।”


■ संजय दीना पाटिल के अच्छे व्यवहार के बाद भी मिली गाली
कृष्णा हेगड़े ने इस बात का जिक्र किया गया कि सांसद संजय दीना पाटिल ने संजय राऊत के बारे में हमेशा सकारात्मक और अच्छी बातें ही की थीं। इसके बावजूद, उन्हें संजय राऊत की ओर से अपशब्द और गालियाँ सुनने को मिलीं। यह भी आरोप लगाया गया कि पिछले साढ़े चार सालों से संजय राऊत का यही रवैया रहा है और वे लगातार दूसरों को गाली देने का काम कर रहे हैं।


■ जनता का आशीर्वाद हमारे साथ, जीत रहे हैं चुनाव
संजय राऊत पर हमला बोलते हुए कृष्णा हेगड़े ने कहा, “संजय राऊत जी जिस किसी को भी गाली दें, जितना भी गाली दें, हमें उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम अपना काम लगातार करते रहते हैं और इसी का नतीजा है कि हमें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। साल 2024 से लेकर अब तक हम महाराष्ट्र में पांच चुनाव जीत चुके हैं।”
■ आत्मचिंतन करने की सलाह
बयान के अंत में संजय राऊत और उनकी पार्टी को नसीहत देते हुए कृष्णा हेगड़े ने कहा कि,” इस प्रकार की अभद्र भाषा और व्यवहार के कारण उनकी खुद की पार्टी का अस्तित्व खत्म होने की कगार पर है। इसलिए, अब समय आ गया है कि संजय राऊत और उनकी पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इस विषय पर गंभीरता से आत्मचिंतन करें।”


