● चिंचोली हनुमान मंदिर में मंत्रोच्चार से पूर्णाहुति
● गाजे-बाजे के साथ निकली निशान शोभा यात्रा
● चिंचोली हनुमान मंदिर व हनुमान चालीसा संगठन का आयोजन
वरिष्ठ संवाददाता / मुंबई वार्ता

विश्व शांति एवं लोक कल्याण के उद्देश्य से श्री चिंचोली हनुमान मंदिर एवं हनुमान चालीसा संगठन के संयुक्त संयोजन में लिया गया सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ अनुष्ठान का व्रत पूर्णाहुति के साथ पूर्ण हुआ।


एड. अशोक सरावगी की प्रेरणा से पिछले तीन साल से सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का अनुष्ठान अभियान चलाया जा रहा है। हर साल दीपावली के बाद से अभियान की शुरुआत होती है जिसकी पूर्णाहुति मई में की जाती है। पिछली दिवाली पर शुरू किए गए सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ अनुष्ठान में पूर्णाहुति तक लगभग ढाई लाख सामूहिक पाठ किए जा चुके थे। अनुष्ठान पूर्ण होने पर शनिवार को मालाड पश्चिम के एसवी रोड, चिंचोली फाटक के पास स्थित चिंचोली हनुमान मंदिर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।


कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे हवन से हुई। पंडित नीरज ने वैदिक विधि विधान से यज्ञ में आहुतियां डलवाई। दोपहर 2 बजे से सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ जो डेढ़ घंटे बाद आरती के साथ पूर्ण हुआ। श्री श्याम एक मंडल ट्रस्ट के संयोजन में सुंदरनगर स्थित शक्ति संघ से निशान यात्रा निकाली गई जो गाजे बाजे के साथ विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल चिंचोली हनुमान मंदिर पहुंची। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


शाम 8 बजे से नीतीश भारद्वाज, मटरू अग्रवाल तथा मंडली ने संगीतमय 11 हनुमान चालीसा पाठ प्रस्तुत कर समा बांध दिया। महोत्सव के दौरान राम दरबार की आकर्षक झांकी तैयार की गई जिसमें सभी कलाकार देव वेशभूषा में उपस्थित थे। सबकी विधि विधान से पूजा की गई। इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रमुख एड. अशोक सरावगी, सरला सरावगी, अशोक गोयल, अशोक जोगानी, अंकित गोयल, अमित गुप्ता तथा समिति से जुड़े बड़ी संख्या में लोग सपरिवार उपस्थित थे।


