मुंबई वार्ता संवाददाता

विलेपार्ले स्थित साठे महाविद्यालय में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का नियमित सदस्यता अभियान चल रहा था। इसी दौरान दो छात्राओं के बीच हुई गलतफहमी के चलते कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति पैदा हो गई। इस विवाद के दौरान अभाविप और मनसे विद्यार्थी सेना के विद्यार्थी आपस में भिड़ गए। दोनों संगठनों के विद्यार्थीयों को विलेपार्ले पुलिस थाने ले जाया गया हालांकि, बाद में मामला सुलझा लिया गया। अभाविप ने स्पष्ट किया है कि मामला अब पूरी तरह सुलझ चुका है और इसे किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत या संगठनात्मक विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।


अभाविप के मुंबई महानगर मंत्री अभिषेक पवार ने कहा कि दो छात्राओं के बीच गलतफहमी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसे अब पूरी तरह सुलझा लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ अभाविप का किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत या संगठनात्मक मतभेद नहीं है। दोनों संगठन अपने-अपने स्तर पर सदस्यता अभियान चला रहे हैं।


उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हित के लिए सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने वाली प्रत्येक संस्था एवं संगठन का अभाविप स्वागत करता है। महाविद्यालयीन परिसरों में विभिन्न विद्यार्थी संगठन अपने विचारों और कार्यपद्धति के अनुसार कार्य करते हैं तथा विद्यार्थी हित के मुद्दों पर सकारात्मक, रचनात्मक और लोकतांत्रिक तरीके से काम करने वाले संगठनों के प्रति अभाविप सम्मान की भूमिका रखता है।
अभाविप के अनुसार, मुंबई के विभिन्न महाविद्यालयों में विद्यार्थी हित और राष्ट्रहित से जुड़े कई उपक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। संगठन का दावा है कि अब तक मुंबई के 25 से अधिक परिसरों में 36 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अभाविप की सदस्यता ग्रहण की है। आगामी दिनों में मुंबई के 100 से अधिक महाविद्यालयों तक सदस्यता अभियान पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
संगठन ने कहा कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं, शैक्षणिक मुद्दों और विद्यार्थी हित से जुड़े विभिन्न विषयों से प्रभावी रूप से जुड़ना तथा वर्षभर सकारात्मक और रचनात्मक विद्यार्थी आंदोलन को मजबूत करना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
अभाविप ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी संगठन के साथ अनावश्यक विवाद या संघर्ष खड़ा करना उसका उद्देश्य नहीं है। संगठन ने विश्वास जताया कि आगामी दिनों में सदस्यता अभियान सकारात्मक, सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में जारी रहेगा। विद्यार्थी हित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर अभाविप के कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहेंगे।


