मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक गणपती मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मंदिर के पास स्थित ‘राम मेंशन’ सहकारी गृह निर्माण संस्था के 20 फ्लैट और व्यावसायिक जगहों को खरीदने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। विधि एवं न्याय विभाग ने 15 अक्टूबर को इस संबंध में शासन निर्णय (GR) जारी कर दिया है।


■मुख्य बातें:
लागत और खर्च: इस खरीदी पर कुल ९४,११,६५,५५० रुपये (लगभग 94.11 करोड़ रुपये) खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मुद्रांक शुल्क (Stamp Duty), पंजीकरण शुल्क और अन्य प्रासंगिक खर्च मंदिर न्यास (Trust) के उपलब्ध फंड से ही पूरे किए जाएंगे, जिससे राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।


खरीदी का स्वरूप: एस. के. बोले रोड, प्रभादेवी स्थित राम मेंशन हाउसिंग सोसाइटी के 13 आवासीय फ्लैट (कार्पेट एरिया पर 40% अतिरिक्त कार्पेट एरिया को ध्यान में रखते हुए 66,000 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से) और 7 व्यावसायिक जगहें (1,11,000 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से) खरीदी जाएंगी।
उद्देश्य और सुविधाएं: मंदिर का मौजूदा परिसर सीमित होने के कारण भीड़ के समय भक्तों की कतारों का प्रबंधन करना और आवश्यक सुविधाएं देना चुनौतीपूर्ण होता था। इस जगह का उपयोग भक्तों के लिए प्रतीक्षा कक्ष, रसोईघर, स्टोररूम, यात्री निवास, सीमित पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए किया जाएगा। इससे उत्सवों के दौरान अतिरिक्त मंडप लगाने का खर्च और परेशानी भी कम होगी।
शर्तें: इस संपत्ति की खरीदी से पहले शासकीय भूमि अभिलेख विभाग से जमीन की पैमाइश (मोजणी) करवाना और सभी अधिकार धारकों के बिक्री अनुबंध पर हस्ताक्षर कराना जैसी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।


