■ सीसीटीवी में कैद हुआ मामला.
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दानपेटी से पैसे चोरी करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंदिर के एक कर्मचारी को इस आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना शुक्रवार को उजागर हुई, जिसके बाद दादर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। अदालत में पेश किए जाने पर उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजेंद्र पेंडुरकर (57) के रूप में हुई है, जो लोअर परेल इलाके का निवासी है। उस पर दानपेटी से करीब 10,000 रुपये चोरी करने का आरोप है। हालांकि पुलिस को शक है कि उसने पहले भी कई बार चोरी की हो सकती है और इस मामले में अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता भी हो सकती है।मंदिर के एक कर्मचारी ने शुक्रवार को सीसी टीवी फुटेज की जांच के दौरान पेंडुरकर को दानपेटी से पैसे निकालते हुए देखा। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।


मंदिर ट्रस्ट ने पिछले 8 से 10 दिनों के सीसी टीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी कई बार चोरी करते हुए नजर आया। इसके आधार पर ट्रस्ट ने दादर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।जांच के दौरान आरोपी ने 10,000 रुपये चोरी करने की बात कबूल की है, लेकिन बार-बार चोरी की आशंका के चलते कुल रकम ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल से गहन जांच कर रही है।


गौरतलब है कि श्री सिद्धिविनायक मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर भी यहां दर्शन के लिए आए थे। ऐसे में मंदिर के अंदर ही कर्मचारी द्वारा चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।


