श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई की मालाड पुलिस ने हथियारों की बिक्री करने वाले एक अन्तर राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 16 सितंबर को मालाड पुलिस थाने के पुलिस उप निरीक्षक रफीक गवंडी को गुप्त सूचना मिली कि कोई व्यक्ति मालाड पश्चिम में देसी कट्टे के साथ घूम रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी धीरज उपाध्याय को एक कट्टे और एक जिवित कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि उसे देसी कट्टा उत्तर प्रदेश, गोरखपुर के रवीन्द्र पांडेय ने दिया है। धीरज से पूछताछ के आधार पर एक अन्य कट्टा भी बरामद किया गया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से रवीन्द्र पांडेय के घर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पांडेय के घर से 3 कट्टा, 1 विदेशी पिस्टल , 2 खाली मैग्जीन, 10 कारतूस, 10 बोर की राइफल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किया ।
गिरफ्तार धीरज के खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शशि कुमार मीना, पुलिस उपायुक्त (जोन-11) संदीप जाधव के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई मालाड पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दुष्यंत चौहान की टीम ने की है।


