मुंबई, यश भारत

मुंबई के लोकल ट्रेन यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पश्चिम रेलवे ने 12 डिब्बों वाली 16 लोकल ट्रेनों को अब 15 डिब्बों में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। यह बदलाव 19 मार्च से लागू किया गया है। इस फैसले का उद्देश्य बढ़ती भीड़ को कम करना और यात्रियों को अधिक सुविधा प्रदान करना है।


15 डिब्बों की ट्रेन चलने से प्रत्येक फेरी में यात्रियों की क्षमता करीब 20–25 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी, जिससे खासकर पीक आवर्स में राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, इन 16 सेवाओं में से कई ट्रेनें सुबह और शाम की व्यस्त समयावधि में चलाई जाएंगी, ताकि अधिकतम यात्रियों को फायदा मिल सके। गुड़ी पड़वा के मौके पर शुरू की गई इस पहल से विरार–चर्चगेट रूट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को भीड़भाड़ से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।


रेलवे का कहना है कि भविष्य में और भी 12 डिब्बों वाली ट्रेनों को 15 डिब्बों में बदलने की योजना है, जिससे मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा और अधिक सुगम हो सके।


