मुंबई वार्ता संवाददाता

हत्या के एक मामले में पिछले 17 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को मुलुंड पुलिस ने टिटवाला (पूर्व) के बनेली गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख (39) के रूप में हुई है। वह पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था और पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बदल रहा था।


पुलिस के अनुसार, 20 जून 2009 को जमीन के पुराने विवाद को लेकर फिरोज, अफरोज और उनके दो अन्य साथियों ने आपस में साजिश रचकर मसकूर नामक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने मसकूर के सिर पर हथौड़े से वार किया था। इस मामले में मुलुंड पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया था।इस हत्याकांड में फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख वांछित आरोपी था। घटना के बाद से ही वह अपनी पहचान और ठिकाना छिपाकर रह रहा था। पुलिस ने उसके मूल गांव सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसे फरार आरोपी घोषित किया गया था।


■ गुप्त सूचना और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मुलुंड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष घाटेकर के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद लभडे और पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्निल महाजन की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने गुप्त मुखबिरों की मदद लेने के साथ तकनीकी जांच भी की।जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी टिटवाला पूर्व के बनेली गांव में एक निर्माण स्थल पर फिटर का काम कर रहा है और अपने परिवार के साथ रह रहा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापा मारकर उसे हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख के रूप में बताई। उसका मूल निवास बिहार के कटिहार जिले के बारसोई तालुका स्थित ग्राम डोगज, सोनापुर पोस्ट, सुधाणी है। वह वर्तमान में टिटवाला पूर्व की लक्ष्मण चॉल में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुराने विवाद की रंजिश में अपने साथियों के साथ मिलकर मसकूर के सिर पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे संबंधित हत्याकांड की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया।
■ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोज कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी, पुलिस उपायुक्त अभयसिंह देशमुख और सहायक पुलिस आयुक्त सुदर्शन होनवडजकर के मार्गदर्शन में की गई।
मुलुंड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष घाटेकर की निगरानी में सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद लभडे, पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्निल महाजन तथा पुलिस हवलदार किरण चव्हाण, हेमंत शेडगे, राजेंद्र चौघुले और पुलिसकर्मी विवेक शिंपी, बलवंत करदोरे, सागर गावडे, मनेष सरकटे एवं विष्णु आव्हाड की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।


