26/11 मुंबई आतंकी हमले के 18 साल बाद भी पाकिस्तान में खुलेआम सक्रिय हैं छह प्रमुख साजिशकर्ता, अब तक नहीं मिली सजा।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकवादी हमले के 18 साल बाद भी इस हमले की साजिश रचने वाले छह प्रमुख आरोपी पाकिस्तान में कथित तौर पर खुलेआम अपने आतंकवादी नेटवर्क का संचालन कर रहे हैं। इन आरोपियों को अब तक 26/11 हमले में उनकी भूमिका के लिए प्रभावी सजा नहीं मिल पाई है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन छह प्रमुख साजिशकर्ताओं में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का प्रमुख हाफिज सईद और संगठन का ऑपरेशनल कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी शामिल हैं।अन्य चार आरोपियों में लश्कर का शीर्ष कमांडर साजिद मजीद उर्फ साजिद मीर, पाकिस्तानी सेना का सेवानिवृत्त मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद उर्फ पाशा तथा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के दो अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली शामिल हैं। साजिद मीर पर हमले की निगरानी और संचालन की जिम्मेदारी संभालने का आरोप है।

भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, इन छह साजिशकर्ताओं ने न केवल 26/11 हमले में अपनी कथित भूमिका के लिए सजा से बचने में कामयाबी हासिल की, बल्कि उन्हें पाकिस्तानी सरकारी तंत्र का संरक्षण भी मिलता रहा है।रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के दबाव के बाद हाफिज सईद को वर्ष 2020 में 78 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, भारतीय अधिकारियों का दावा है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में है और अपने संगठन की आतंकवादी गतिविधियों को स्वतंत्र रूप से संचालित कर रहा है।

इसी तरह, साजिद मीर को आठ साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन फिलहाल उसके ठिकाने के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। वहीं, लखवी को वर्ष 2021 में आतंकवाद के वित्तपोषण से जुड़े मामलों में पांच-पांच साल की लगातार तीन सजाएं सुनाई गई थीं। भारतीय एजेंसियों का दावा है कि इसके बावजूद वह अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए है।दूसरी ओर, हमले में कथित भूमिका को लेकर आईएसआई के दोनों अधिकारियों मेजर इकबाल और मेजर समीर अली तथा सेवानिवृत्त पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी पाशा के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

■ हमले की साजिश से लेकर कंट्रोल रूम के संचालन तक पाकिस्तान से हुआ था प्रबंधन

भारतीय खुफिया एजेंसियों के एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि 26/11 मुंबई हमले की साजिश में शामिल 10 लोगों में से सात पाकिस्तान में मौजूद थे। हमले की योजना बनाने से लेकर कंट्रोल रूम के संचालन तक की पूरी व्यवस्था पाकिस्तान में बैठे साजिशकर्ताओं ने संभाली थी।अधिकारी के मुताबिक, भारत ने इन आरोपियों के खिलाफ जानकारी और सबूत जुटाने के लिए पाकिस्तान सरकार को न्यायिक अनुरोध पत्र (लेटर रोगेटरी) भेजे थे, लेकिन आज तक पाकिस्तान की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत सरकार ने हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के लिए पाकिस्तान को अनुरोध भेजा था, लेकिन यह मामला अब तक लंबित है।इस बीच, हमले की साजिश से जुड़े दो अन्य आरोपी बाद के वर्षों में मारे जा चुके हैं। लश्कर-ए-तैयबा का पूर्व उपप्रमुख और हाफिज सईद का रिश्तेदार अब्दुल रहमान मक्की की दिसंबर 2024 में लाहौर में मौत हो गई थी। वहीं, अलकायदा और पाकिस्तान स्थित उसके सहयोगी संगठन हरकत-उल-जिहाद-अल-इस्लामी के नेता इलियास कश्मीरी की जून 2011 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत होने की खबर सामने आई थी।

■ डेविड हेडली और तहव्वुर राणा तक ही पहुंच सकीं भारतीय जांच एजेंसियां

26/11 हमले की साजिश में शामिल बताए गए 10 लोगों में से भारतीय जांच एजेंसियों को अब तक केवल दो आरोपियों तक पहुंच मिली है। इनमें अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली और पाकिस्तानी मूल का कनाडाई चिकित्सक तहव्वुर राणा शामिल हैं।अमेरिका ने हेडली को भारत के हवाले करने से इनकार कर दिया था, हालांकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उससे पूछताछ की थी।हेडली के बचपन के दोस्त तहव्वुर राणा को अप्रैल 2025 में भारत प्रत्यर्पित किया गया था। वह फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।

जुलाई 2025 में 26/11 हमले से जुड़े मामले में राणा से पूछताछ के आधार पर एक नया आरोपपत्र भी दाखिल किया गया था।समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे 10 पाकिस्तानी आतंकवादीगौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से मुंबई पहुंचे थे। इन आतंकवादियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर एक साथ गोलीबारी और बम धमाकों की घटनाओं को अंजाम दिया था।

आतंकवादियों के निशाने पर ताजमहल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) सहित मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थान थे। करीब तीन दिनों तक चले इस आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 26 विदेशी नागरिक भी शामिल थे।18 साल बाद भी इस हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं के खिलाफ पाकिस्तान में प्रभावी कार्रवाई नहीं होना भारत की सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

पुणे में बढ़ती आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक, सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य सरकार को पूरा सहयोग देंगे: सुप्रिया सुले।

मुंबई वार्ता संवाददाता राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार)...

मुंबई महापालिका सभागृह में प्रवेश के लिए नगरसेवकों का होगा ‘फेस रिडिंग’, 30 नवंबर से डिजिटल व्यवस्था लागू।

मुंबई वार्ता संवाददाता बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के सभागृह में...