मुंबई वार्ता संवाददाता

अभिनेता-गायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में चोरी का मामला सामने आया है। अंधेरी पश्चिम के शास्त्री नगर स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में उनके फ्लैट से लगभग 5.40 लाख रुपये नकद चोरी होने के मामले में पुलिस ने उनके पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।


अंबोली पुलिस के अनुसार, यह मामला मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडेय की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से निकाला गया था।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल कर फ्लैट, बेडरूम और अलमारी में प्रवेश किया और चोरी को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान घर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुई।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पांडेय पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के मैनेजर के रूप में काम कर रहे हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि घर के एक कमरे में रखे 5.40 लाख रुपये गायब पाए गए थे। इनमें से 4.40 लाख रुपये जून 2025 में अलमारी से चोरी हो गए थे, लेकिन उस समय आरोपी का पता नहीं चल सका था।चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे रिकॉर्ड हुई फुटेज में पूर्व कर्मचारी को नकदी चुराते हुए देखा गया। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर करीब 1 लाख रुपये की चोरी की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। सूचना मिलते ही अंबोली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है।


