मुंबई (सं. भा.) : वाहनों की पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए मुंबई मनपा प्रशासन ने मुंबई के लिए एक स्वतंत्र पार्किंग प्राधिकरण बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए मनपा ने सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार की नियुक्ति की है। सलाहकार को नए पार्किंग स्थल के डिजाइन और योजना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रक्रिया मुख्य अभियंता (सड़क एवं परिवहन) और व उपमुख्य अभियंता (यातायात) विभाग द्वारा शुरू की गई है।
मनपा, एमएमआरडीए, पोर्ट ट्रस्ट और सड़क किनारे पार्किंग और निजी सोसायटियों सहित मनपा के अधिकार क्षेत्र के तहत सभी उपलब्ध पार्किंग स्थानों को एक ही सॉफ्टवेयर इंटरफेस के जरिए संचालित करेगी। मनपा के मुताबिक, यह योजना मुंबई में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए एक गेम चेंजर साबित होगी। इस सॉफ्टवेयर की मदद से लोग अपने मोबाइल और अन्य गैजेट्स पर पार्किंग स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे जिस स्थान पर मुंबईकर पहुंचना चाहते हैं, वहां उनका पार्किंग स्लॉट पहले ही बुक हो जाएगा।

मनपा द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण के मुताबिक, मुंबई में हर दिन 43 लाख वाहन प्रवेश करते हैं। इन वाहनों को पार्किंग स्थल उपलब्ध कराना बड़ी समस्या है। वाहनों की पार्किंग के लिए मनपा ने 97 ऑन-स्ट्रीट पार्किंग और 33 ऑफ-स्ट्रीट पार्किंग स्थल हैं, जिनमें सीमित संख्या में ही वाहन पार्क किए जा सकते हैं। शहर में पार्किंग प्रबंधन की कमी के कारण मुंबई की सड़कों पर लाखों गाड़ियां खड़ी की जाती हैं। इससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम बढ़ रहा है। पार्किंग प्राधिकरण बन जाने से पार्किंग की समस्या का समाधान होगा।


