सतीश सोनी/ मुंबई वार्ता
कल्याण पूर्व के कोळशेवाडी इलाके में एक 7 वर्षीय बच्चे के साथ हुए हादसे ने सभी को दहशत में डाल दिया। रविवार को यह घटना तब घटी, जब बच्चा अपने घर की खिड़की की ग्रील पर खेल रहा था।खेलते समय अचानक खिड़की की ग्रील टूट गई, जिससे बच्चा नीचे गिरने की कगार पर पहुंच गया। बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ग्रील को पकड़ा और बच्चे को गिरने से बचाने का प्रयास किया।बच्चे का नाम वंश लांडगे बताया जा रहा है, जो ग्रील में फंसकर सज्जे (बालकनी) पर लटक गया था।
स्थानीय लोगों ने फौरन अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।इस हादसे के समय वंश के माता-पिता घर पर नहीं थे. पड़ोसियों की सतर्कता और मदद ने बच्चे की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
अग्निशमन विभाग ने बताया कि समय रहते सूचना मिल जाने से वे तुरंत कार्रवाई कर सके और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद बच्चे का स्वास्थ्य स्थिर है, और उसे किसी भी प्रकार की कोई गंभीर चोट नहीं आई है .


