मुंबई वार्ता संवाददाता

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के नेता प्रदीप पूर्णेकर उर्फ बाला की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किए गए दो प्रमुख आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर ठाणे लाया है। दोनों आरोपियों को सोमवार, 12 अक्टूबर को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों की हिरासत लेकर मामले की आगे की जांच करना चाहती है।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कनौजिया उर्फ टल्ली और अमित सिंह उर्फ पपलू के रूप में हुई है। प्रयागराज से ठाणे लाए जाने के बाद दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और आगे की जांच के लिए ठाणे पुलिस की वसूली निरोधक शाखा (एंटी एक्सटॉर्शन सेल) को सौंप दिया गया।
■ 29 सितंबर को हुई थी हत्या
प्रदीप पूर्णेकर ठाणे के मानपाड़ा क्षेत्र में शिवसेना (यूबीटी) के विभाग प्रमुख थे। 29 सितंबर 2026 को चितलसर-मानपाड़ा इलाके में उन पर हमला किया गया था। हमलावरों ने पहले उन पर गोलीबारी की और फिर धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें उनकी मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान करीब छह राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिनमें से दो पूर्णेकर को लगी थीं। घटनास्थल से तीन खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया था।
■ अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
इस हत्याकांड में पुलिस इससे पहले तीन आरोपियों—सुभाष उर्फ पप्प्या शिंदे, निखिल यादव और नितेश पवार—को गिरफ्तार कर चुकी है। संतोष कनौजिया और अमित सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या पांच हो गई है।जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संतोष कनौजिया पर हत्या की साजिश रचने और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात की तैयारी करने का संदेह है।
पुलिस का आरोप है कि सुभाष शिंदे ने भी हथियारों और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य साधनों की व्यवस्था करने में भूमिका निभाई थी।जांच के दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल, मोबाइल फोन और वारदात के बाद फरार होने के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त किया है।अब पुलिस सोमवार को अदालत में दोनों आरोपियों की हिरासत की मांग करेगी, ताकि हत्या की साजिश, हथियारों की व्यवस्था और वारदात में उनकी कथित भूमिका के बारे में अधिक जानकारी हासिल की जा सके। मामले में हत्या का वास्तविक मकसद और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए जांच जारी है।


