मुंबई वार्ता/ हरीशचंद्र पाठक

मकर संक्रांति के अवसर पर, साकीनाका स्थित समता विद्या मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों ने आज “मराठी स्कूल बचाओ” संदेश के साथ पतंग उड़ाकर एक अनूठा अभियान शुरू किया।
विद्यालय के सचिव राजेश सुभेदार एवं कार्यकारी अध्यक्ष ज्योति सुभेदार के विचार पर आधारित यह अनूठा प्रयोग आज विद्यार्थियों द्वारा किया गया। स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रयोग किये जाते हैं। स्कूल की शिक्षिकाओं स्मिता सुरवसे, वैशाली हांडे और विद्यार्थियों द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्याहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। स्कूल के सचिव राजेश सुभेदार ने कहा कि आज मकर संस्कृति के अवसर पर राज्य के सभी मराठी स्कूलों का अस्तित्व सुनिश्चित करने के लिए बैनर पर “मराठी स्कूल बचाओ” का संदेश दिया गया है।
ज्ञात हो कि पौष माह शुरू होते ही आसमान में विभिन्न रंगों की पतंगें उड़ती नजर आती हैं। पतंग उड़ाने का आनंद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी उठाते हैं। मकर संक्रांति के दिन सूर्य की उत्तर दिशा की यात्रा को ज्ञान प्राप्ति का प्रतीक माना जाता है। मकर संक्रांति के दिन पुरानी शिकायतों को अलविदा कहकर सकारात्मकता का स्वागत किया जाता है।


